29 तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं, तो 30 को हजारीबाग बंद : सांसद

नाबालिग से दुष्कर्म व हत्या को बताया बेहद जघन्य घटना

विष्णुगढ़. विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और निर्मम हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी 29 मार्च तक नहीं की गयी, तो 30 मार्च को हजारीबाग जिले को बंद किया जायेगा. घटना के विरोध में प्रदेश महिला मोर्चा सभी जिले में धरना-प्रदर्शन करेगी. यह बातें सांसद मनीष जायसवाल ने सांसद सेवा केंद्र में प्रेस वार्ता के दौरान कही. उन्होंने कहा कि यह घटना निर्भया हत्याकांड से भी अधिक जघन्य है. इस घटना के बाद सरकार की ओर से कोई सुधि लेने नहीं पहुंचा. इस दौरान सांसद ने राज्य की गठबंधन सरकार पर तीखा प्रहार किया और कहा कि यह सरकार पूरी तरह संवेदनहीन है. उन्होंने कहा कि 24 मार्च को मंगला जुलूस में बच्ची अपनी मां के साथ आठ बजे रात्रि तक थी. इसी दौरान उसका अपहरण कर लिया गया. उसके अगले दिन 25 मार्च को नाबालिग का शव क्षत-विक्षत मिला. उसकी हालत इतनी भयावह थी कि देखनेवाले की रूह कांप गयी. सांसद ने दोषियों को फांसी देने की मांग की, ताकि इस तरह की अमानवीय घटना दोबारा नहीं हो. भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने भी इस घटना को लेकर विरोध जताया.

अपराधियों में खत्म हो गया है पुलिस का डर : आदित्य साहू

शुक्रवार को मृतका के परिजनों से भाजपा का उच्च स्तरीय शिष्टमंडल मिला. नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य सभा सांसद आदित्य साहू कर रहे थे. शिष्टमंडल में सांसद मनीष जायसवाल, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, पूर्व विधायक अमर कुमार बाउरी, चंद्रनाथ भाई पटेल सहित कई नेता शामिल थे. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि जुलूस में शामिल नाबालिग की अपहरण कर हत्या कर दी जाती है. ऐसा लगता है कि अपराधियों में पुलिस प्रशासन का डर खत्म हो गया है. झारखंड के लोग किस पर भरोसा कर जीयें. राज्य सरकार गरीब की बात करती है. गरीब की बेटी के साथ जघन्य अपराध हुआ है और पुलिस अपराधियों को अबतक पकड़ नहीं पायी है. अपराधियों को जल्द नहीं पकड़ा गया, तो झारखंड को बंद किया जायेगा. विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए. ऐसे दरिंदों के लिए कठोर दंड की आवश्यकता है. इतनी बड़ी घटना के बाद सरकार की चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण है.

दुष्कर्म पीड़िता का शव दफनाया गया

विष्णुगढ़.

12 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता बच्ची का शव घटना के 48 घंटे बाद शुक्रवार को उसके पिता, परिजन और स्थानीय मुखिया की उपस्थिति में दफनाया गया. वहीं, घटना के बाद से गांव में मातम छाया हुआ है. गठित एसआइटी विष्णुगढ़ अनुमंडल पदाधिकारी बैजनाथ प्रसाद के नेतृत्व में काम कर रही है. बैजनाथ प्रसाद ने बताया कि हर बिंदु पर जांच-पड़ताल की जा रही है. पुलिस ने संदिग्ध लोगों की सूची तैयार कर ली है. जिसकी पहचान की जा रही है. जल्द ही इस कांड का उदभेदन कर लिया जायेगा. इस मामले को लेकर साक्ष्य जुटाया जा रहा है. मालूम हो कि मंगला जुलूस देखने निकली बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गयी थी. उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ी से बरामद हुआ था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUNIL PRASAD

SUNIL PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >