Barkagaon Coal Hyva Accident: हजारीबाग जिले के बड़कागांव के 13 माइल से जुगरा जाने वाली ट्रांसपोर्टिंग सड़क पर कोयला लदे हाइवा की चपेट में आने से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी. घटना के विरोध में आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार देर रात से सड़क जाम कर दिया, जो रविवार सुबह तक जारी रहा. जाम के कारण ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर कोयला वाहनों सहित अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गयी और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.
इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
मृतक की पहचान चेपाकला गांव निवासी नरेश कुमार महतो (पिता- यीशु महतो) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि लोहा पुल के समीप हाइवा की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गये थे. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
पत्नी और दो बच्चों के सिर से उठा सहारा
ग्रामीणों ने बताया कि नरेश अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गये हैं. घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है.
मुआवजा और नौकरी की मांग पर सड़क जाम
आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को रोजगार और दुर्घटना के जिम्मेदार चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से वार्ता कर जाम समाप्त कराने का प्रयास शुरू किया.समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी थी.
यह भी पढ़ें- जनता के हितों के आगे झुक गए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, 24 घंटे के अंदर खुला गुमला नगर परिषद का ताला
यह भी पढ़ें- रामगढ़ की चुटूपालु घाटी में बड़ा हादसा टला, ओवरटेक कर रहे ट्रेलर ने दो कार को मारी टक्कर
