हजारीबाग. जिला प्रशासन ने रामनवमी के दशमी के जुलूस को सुरक्षित व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर व्यापक तैयारी की है. इस जुलूस में शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से करीब 115 जुलूस के शामिल होने की संभावना है. जिला प्रशासन पहली बार सभी जुलूस वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगायेगा. इसकी निगरानी नियंत्रण कक्ष से की जायेगी. डीसी शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि जीपीएस सिस्टम लगने से जिला प्रशासन को यह जानकारी रहेगी कि कौन सा जुलूस कहां है. सभी जुलूस वाहनों की नंबरिंग भी की गयी है. शहर के सभी चौक-चौराहों में जिला प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गयी है. इसके अलावा जुलूस मार्गों में कलर लाइट की भी व्यवस्था की गयी है.
रामनवमी जुलूस को लेकर गाइडलाइन जारी
रामनवमी के जुलूस को लेकर जिला प्रशासन ने गाइड लाइन जारी किया है. इसके अनुसार जिला प्रशासन के दिशा निर्देशों का अनुपालन, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में निर्धारित मार्ग व समय पर जुलूस निकालने, अखाड़ों को जुलूस को वॉलेंटियर के माध्यम से अनुशासित रखने व जुलूस से पहले वॉलेंटियर्स को आवश्यक दिशा निर्देश देने को कहा गया है. जिला प्रशासन ने जुलूस देखनेवाले लोगों से वाहनों को उचित जगहों पर पार्किंग करने की अपील की है, ताकि यातायात सुचारू रहे. साथ ही जुलूस में शामिल छोटे बच्चों के पॉकेट में अभिभावक का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर लिखकर रखने, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट नहीं डालने, जुलूस में प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराये गये गानों को बजाने, जुलूस में तेज धारदार हथियारों का प्रयोग नहीं करने व जुलूस में कीमती जेवरात पहनकर नहीं आने की अपील की गयी है.
जिले में तीन दिन तक ड्राइ-डे घोषित
रामनवमी को लेकर जिले में तीन दिनों तक सभी प्रकार की खुदरा शराब की दुकानें, रेस्तरां एवं बार सहित अन्य सभी उत्पाद अनुज्ञप्ति प्राप्त प्रतिष्ठान 27 मार्च से 29 मार्च तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.