डीसी व एसपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च

मुहर्रम पर्व पर शांति एवं सौहार्द बनाये रखने के लिए जिला प्रशासन मुस्तैद

हजारीबाग. मुहर्रम पर्व को लेकर हजारीबाग जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाये रखने तथा आम नागरिकों में विश्वास और सुरक्षा का भाव जगाने के लिए डीसी शशि प्रकाश सिंह एवं एसपी अंजनी अंजन ने शनिवार को संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला. यह फ्लैग मार्च जिले के संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा. सीसीआर हजारीबाग से फ्लैग मार्च की शुरुआत की गयी, जो शहर के नूरा कर्बला, छड़वा डैम, बड़कागांव के महुदी और हरली जैसे संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा. फ्लैग मार्च में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, डीएसपी समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस बल शामिल थे..डीसी ने आम नागरिकों से मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की. दोनों अधिकारियों ने बताया कि मुहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है. क्विक रिस्पॉन्स टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है. सभी जुलूस मार्गों की निगरानी ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से की जा रही है. सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. अधिकारियों ने अफवाह फैलाने या भ्रामक पोस्ट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है.

शांति समिति की हो चुकी हैं बैठकें : पर्व से पूर्व सभी प्रखंडों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गयीं. इन बैठकों में बिजली, पानी, साफ-सफाई, ट्रैफिक व्यवस्था आदि पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. कहा गया कि मुहर्रम का पर्व भाईचारे और शांति का प्रतीक है. जिला प्रशासन इस पर्व में सभी वर्गों की भागीदारी की अपेक्षा करता है, ताकि हजारीबाग की गंगा-जमुनी तहजीब कायम रहे.

प्रशासन की अपील : जिला प्रशासन ने आमजनों से मुहर्रम पर्व में सहयोग कर विधि-व्यवस्था बनाये रखने की अपील की है. किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को देने की बात कही गयी है.

बिजली विभाग ने जारी की एडवाइजरी

बिजली विभाग मुहर्रम पर्व के अवसर पर निर्बाध बिजली की आपूर्ति करेगा. विभाग ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है. कहा है कि जुलूस में निकलने वाले झंडा, साउंड सिस्टम की ऊंचाई 13 फीट से अधिक न हो. बसों एवं बड़े वाहनों की छतों पर कोई व्यक्ति न बैठे. किसी भी प्रकार का ऊंचा झंडा या बैनर न लगायें. झंड़ा खड़ा करने के समय बिजली के तार व उपकरणों का विशेष ध्यान रखें. विभाग की ओर से पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर तैनात किये गये हैं, जो जुलूस के दौरान साथ चलेंगे. विभाग ने जुलूस के दौरान रास्ते पर लगे बिजली पोल एवं किसी प्रकार के उपकरण को नहीं छूने की अपील की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >