पीवीटीजी व जरूरतमंदों के विकास पर जोर

उपायुक्त की अध्यक्षता में सीएसआर की बैठक

हजारीबाग. समाहरणालय में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी से संबंधित समीक्षा बैठक हुई. इसमें जिले में कार्यरत कंपनियों द्वारा सीएसआर मद से संचालित योजनाओं की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने कहा कि सीएसआर के माध्यम से जिले के जरूरतमंद और वंचित वर्गों के समग्र विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जायेगा. उन्होंने कंपनियों से सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए कमजोर तबकों के उत्थान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की. बैठक में अत्यंत संवेदनशील जनजातीय समुदाय की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने इन क्षेत्रों में शौचालय निर्माण, सामुदायिक भवन, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, पशुपालन व आजीविका से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने की बात कही. साथ ही कंपनियों को एक-एक गांव गोद लेकर उसके समग्र विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने जिले के मूक-बधिर विद्यालयों के जीर्णोद्धार पर भी विशेष ध्यान देने को कहा. इसके अलावा टीबी मरीजों और कुपोषित बच्चों को पोषक आहार उपलब्ध कराने में कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. हाथी प्रभावित क्षेत्रों में पीड़ित परिवारों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया. बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी व कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sunil prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >