हजारीबाग. विनोबा भावे विश्वविद्यालय के समाज विज्ञान संकाय के अध्यक्ष डॉ रेणु बोस को कुलपति का प्रभार दिया गया है. यह जानकारी देते हुए डॉ रेणु बोस ने बताया कि कुलपति प्रो चंद्र भूषण शर्मा के छुट्टी में जाने के कारण उन्हें छह अप्रैल तक कुलपति का प्रभार सौंपा गया है. यह प्रभार उन्हें कुलपति के द्वारा ही दिया गया है. डॉ रेणु बोस गृह विज्ञान विभाग में अध्यक्ष भी हैं.
विभावि में अब 27 मार्च को अवकाश घोषित
हजारीबाग. विनोबा भावे विश्वविद्यालय ने रामनवमी के अवकाश में बदलाव किया है. कुलसचिव डॉ प्रणिता ने बताया कि अब रामनवमी पर विभावि के अंतर्गत अंगीभूत तथा संबद्ध महाविद्यालय में पूर्व घोषित 26 मार्च के स्थान पर 27 मार्च को अवकाश घोषित किया गया है.
पहली बार जिला स्तरीय शिक्षक समागम कल
हजारीबाग. जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में 28 मार्च को पहली बार सरकारी शिक्षक-शिक्षिकाएं भी दौड़ लगायेंगे. मसलन विद्यार्थियों की तरह खेलकूद का हिस्सा बनेंगे. इसमें एक प्रखंड से 12 शिक्षक-शिक्षिकाएं डायट पहुंचेंगे. जिला स्तरीय शिक्षक समागम में 16 प्रखंड के 192 शिक्षक-शिक्षिकाओं को भाग लेना है. इस संबंध में गुरुवार को जिला शिक्षा अधीक्षक अवकाश कुमार ने बताया एक दिवसीय शिक्षक समागम में कक्षा एक से आठवीं के शिक्षक भाग लेंगे.