डीलरों ने प्रोत्साहन राशि व कमीशन बढ़ाने की मांग की

प्रदेश सम्मेलन में मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

हजारीबाग. जन वितरण प्रणाली का प्रदेश सम्मेलन सोमवार को मुद्रिका कुंज में संपन्न हुआ. अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नंदू प्रसाद ने की. मुख्य अतिथि सांसद मनीष जायसवाल और विधायक प्रदीप प्रसाद थे. इस दाैरान सांसद ने कहा कि संगठन में बहुत ताकत होती है. आप लोगों की जायज मांगों को सरकार तक पहुंचाने का काम करेंगे. प्रदेश सम्मेलन में राज्यभर से पहुंचे जन वितरण प्रणाली डीलरों ने अपनी लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर सरकार के समक्ष आठ सूत्री मांग पत्र रखा. बढ़ती महंगाई और आर्थिक संकट को ध्यान में रखकर सरकार से प्रतिमाह 10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने तथा खाद्यान्न वितरण पर प्रति किलो तीन रुपये कमीशन निर्धारित करने की मांग की. विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हमेशा डीलरों के साथ खड़ा हूं. उनकी मांगों को राज्य सरकार के समक्ष रखा जायेगा. डीलरों ने कहा कि वर्तमान में मिलने वाली राशि से दुकान किराया, बिजली बिल और सहायक की मजदूरी का खर्च निकालना मुश्किल हो गया है. सम्मेलन में लाभुकों के पोषण को ध्यान में रखते हुए सोयाबड़ी योजना, सरसों तेल वितरण योजना तथा मुख्यमंत्री दाल योजना को नियमित रूप से लागू करने की भी मांग उठायी गयी. डीलरों ने अबुआ चिकित्सा योजना का लाभ डीलर परिवारों को देने, खाद्यान्न का समय पर आवंटन सुनिश्चित करने, स्मार्ट पीडीएस व्यवस्था में सुधार, इवीएम तराजू की अनुज्ञप्ति प्रक्रिया सरल करने तथा पेपरलेस व्यवस्था लागू करने की मांग की. सर्वर और नेटवर्क व्यवस्था में सुधार एवं एनआइसी में शिकायत कोषांग बनाने की भी मांग की गयी. प्रदेश अध्यक्ष सुरेश प्रसाद, प्रदेश महासचिव संजय कुंडू और जिला सचिव सुनील कुमार सिन्हा ने मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sunil prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >