Hazaribagh: उरीमारी में बाइक सवार दो अपराधियों ने सीसीएलकर्मी बिहारी राम उर्फ बिहारी डोम को शनिवार को सरेशाम सयाल जमुरिया बाजार में गोली मार दी. गोली बिहारी के पीठ में लगी है. गोली छाती में फंसी हुई थी. कितनी गोली लगी है स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है. घटना के बाद एंबुलेंस से बिहारी को भुरकुंडा सीसीएल अस्पताल लाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल रांची भेज दिया गया. घटना शाम सवा सात बजे की है. उस वक्त जमुरिया बाजार में काफी भीड़ थी. बिहारी अपनी बाइक से बाजार गये थे. वे अपनी बाइक रोक कर उसपर बैठे हुए थे. इसी क्रम में अपराधियों ने उनपर पीछे से गोली चला दी.
गोली लगते ही बिहारी बाइक स्टार्ट कर भागने लगे. अपराधियों ने उनका पीछा भी किया, लेकिन गोली की आवाज सुनकर बाजार में मची अफरा-तफरी के कारण अपराधी भाग निकले. कुछ दूर जाकर बिहारी भी अपनी बाइक से गिर पड़े. जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी पत्नी, बेटी और अन्य लोग भी पहुंच गये. बताया गया कि सयाल के पिपरा सेंटर कॉलोनी निवासी बिहारी राम बरकाकाना सीसीएल वर्कशॉप में कार्यरत हैं.
गोली चलाने के आरोप जेल में बंद है बिहारी का बेटा
बिहारी राम का बेटा शिवराज फिलहाल हजारीबाग जेल में है. उसे उरीमारी पुलिस ने उरीमारी क्षेत्र के विस्थापित नेता दसई मांझी के घर पर 31 दिसंबर को गोलीबारी करने के आरोप में कुछ दिन पहले ही जेल भेजा है. इस कांड में बिहारी को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए उठाया था. संभावना जताई जा रही है कि बिहारी गोलीकांड का तार इसी से जुड़ा हुआ है. क्षेत्र में तेजी से पांव पसार रहे राहुल दुबे गैंग को खत्म करने के लिए पहले से ही यहां स्थापित आपराधिक गुट सक्रिय हैं. अनुमान लगाया जा रहा है कि पूर्व से स्थापित गुट के द्वारा ही इस घटना को अंजाम दिया गया है, ताकि यह मैसेज जा सके कि राहुल दुबे गैंग को सपोर्ट करने वाले छोड़े नहीं जायेंगे.
इसे भी पढ़ें:
कागजों पर हो रहा धनबाद नगर निगम का ई-कचरा कलेक्शन, निस्तारण गंभीर चुनौती
देश की चुनिंदा शिव लिंगों में एक है ईचागढ़ का चतुर्मुखी शिव लिंग, लोगों की है अटूट आस्था
