इचाक. थाना क्षेत्र के छावनी अखाड़ा में रामनवमी की झांकी के दौरान 27 मार्च की रात दो बार हुई झड़प में छह युवक घायल हो गये. हालांकि मामला थाना नहीं पहुंचा है. ग्रामीण आपस में मामले को सुलझाने में जुटे हैं. बताया जा रहा है कि झांकी के दौरान पहले कारीमाटी एवं गूंजा गांव के युवकों के बीच नोक झोंक हुई. जिसमें दोनों ओर से चार-पांच लोग आंशिक रूप से घायल हुए. वहीं दूसरी घटना बड़की कारीमाटी गांव के दो पक्षों के बीच घटी. इस घटना में मनाई गांव के चंदन यादव के सिर में गंभीर चोट लगी है. उस पर तलवार से हमला किया गया है. वह अपने मामा के घर कारीमाटी गया था. इसी दौरान झड़प हुई. सूचना पाकर थाना प्रभारी गौतम कुमार एवं बीडीओ संतोष कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे. पुलिस को देखते ही उपद्रवी फरार हो गये. सभी घायलों ने अपने-अपने स्तर से प्राथमिक इलाज कराया. समाचार लिखे जाने तक किसी पक्ष ने थाना में आवेदन नहीं दिया है. थाना प्रभारी ने कहा कि आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जायेगी.
छावनी अखाड़ा में झांकी के दौरान झड़प, छह युवक घायल
कारीमाटी व गूंजा गांव की घटना
