चरही. थाना क्षेत्र के चरही घाटी यूपी मोड़ में एक कार के पलटने से उसमें सवार चार लोग घायल हो गये. इनमें एक महिला व तीन पुरुष शामिल हैं. घटना रविवार की दोपहर करीब 12.30 बजे की है. जानकारी के अनुसार कार सवार हजारीबाग से रांची की ओर आ रहे थे. उसी दौरान चरही घाटी के यूपी मोड़ में संतुलन बिगड़ने से कार विपरीत दिशा में जाकर पलट गयी. चरही पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग भेजा.
दो पक्षों के बीच मारपीट, सात घायल
बरकट्ठा. थाना क्षेत्र के बेडोकला गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना रविवार की है. घायलों में बेबी देवी (40 वर्ष), किशोर साव, उनकी पत्नी मंजू देवी (35 वर्ष), सुदामा साव (50 वर्ष), उनकी पत्नी कुंती देवी (40 वर्ष), पुत्र चंदन साव (22 वर्ष) व बाबू यादव शामिल हैं. सभी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरकट्ठा में किया गया. चिकित्सकों ने बेबी देवी, किशोर साव एवं सुदामा साव को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग रेफर कर दिया है.