झील में मिला अधेड़ व्यक्ति का शव

मछली पकड़ने गया था

हजारीबाग. लोहसिंघना थाना पुलिस ने हजारीबाग झील से एक व्यक्ति का शव बरामद किया. शव की पहचान सदर थाना क्षेत्र के कुरैशी मुहल्ला निवासी मो खलील (51 वर्ष) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, मो खलील रोजाना की तरह रविवार की सुबह मछली पकड़ने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा. तब परिजन उसे तलाशते झील के पास पहुंचे, जहां उसका मछली पकड़ने का सामान बंसी, छड़ और टिफिन मिली. किसी अनहोनी की आशंका को लेकर परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से आसपास के क्षेत्र में खोजबीन शुरू की. देर रात झील में झग्गर डालकर तलाशा. जिसके बाद खलील का शव दिखा. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह हादसा कैसे हुआ. परिजनों का कहना है कि मो खलील रोजाना झील में मछली पकड़ने जाता था. इस संबंध में मृतक के रिश्तेदार मो आजम ने लोहसिंघना थाना में आवेदन दिया है. थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा ने कहा कि जांचोपरांत कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUNIL PRASAD

SUNIL PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >