चौपारण : प्रखंड मुख्यालय में सार्वजनिक सुलभ शौचालय के अभाव के कारण आम लोगों के साथ-साथ बस यात्रियों को परेशानी हो रही है. चतरा मोड़ के पास अस्पताल के सामने बने इस सार्वजनिक शौचालय के कार्यालय में ताला लटका हुआ है. इसके कारण आम लोगों की परेशानी बढ़ गयी है.
चट्टी में एक भी नहीं है शौचालय : चौपारण चट्टी करीब दो किमी क्षेत्र में फैला है. चतरा मोड़ से लेकर केंदुआ मोड़ तक घनी आबादी है. पर यहां एक भी सार्वजनिक सुलभ शौचालय नहीं है.
दर्जनों यात्री बस का होता है ठहराव : जीटी रोड पर बस पड़ाव में आये दिन दर्जनों यात्री बस का ठहराव होता है. पर यात्रियों के लिए एक भी शौचालय नहीं है. ऐसी स्थिति में बस के रूकने पर महिला यात्रियों को भारी परेशानी होती है.
पूर्व एसडीओ मो शब्बीर अहमद ने सभी लाइन होटल के संचलकों को अपने-अपने होटल एवं ढाबा में शौचालय निर्माण कराने का आदेश दिया था. पर अब तक एक-दो होटल को छोड़ कर किसी होटल मालिक ने आदेश का पालन नहीं किया. एक ओर सरकार स्वच्छता अभियान को लेकर घर-घर शौचालय का निर्माण करा रही है. वहीं चौपारण चट्टी की इस प्रमुख समस्या पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है.
