हजारीबाग : मटवारी के जागो निवास स्थित साई बाबा मंदिर का 10वां स्थापना दिवस धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया. इसकी स्थापना वर्ष 2008 में हुई थी. रविवार को अहले सुबह भक्तों ने पूजा-अर्चना शुरू की. वहीं रूद्राभिषेक, हवन आहूति के साथ अनुष्ठान की शुरुआत हुई.
पूजन कार्यक्रम पंडित अजय कुमार उपाध्याय ने संपन्न कराया. वहीं बाबा की महाआरती हुई. कार्यक्रम के संचालक एसके तिवारी ने कहा कि साई बाबा का मंदिर सांप्रदायिक सौहार्द्र एवं प्रेमभाव का अनूठा स्थल है. यहां सभी धर्मों का संगम नजर आता है. उत्सव में काफी संख्या में स्त्री, पुरुष व बच्चे शामिल हुए.
