हजारीबाग : हजारीबाग रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष सुधीर यादव उर्फ पिंकू चुने गये. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को बड़ा अखाड़ा में मतदान के जरिये अध्यक्ष पद का चुनाव हुआ. चुनाव में कुल 142 मत पड़े. इसमें सुधीर यादव को 72 मत, शशिभूषण केसरी को 51 मत, रूद्रराज को 15 मत, चंद्रशेखर और बबलू निषाद को दो-दो मत मिले.
मतदान प्रक्रिया में सुरक्षा व्यवस्था के लिए दंडाधिकारी बीडीओ राहुल वर्मा तैनात थे. चुनाव कमेटी में मंजीत यादव, अमित सागर, मनमीत अकेला, शिवदंत पांडेय थे.
बड़ा अखाड़ा में गहमागहमी: रामनवमी महासमिति अध्यक्ष के चुनाव को लेकर बड़ा अखाड़ा परिसर में दिन भर गहमागहमी रही. सुबह नौ बजे से दो बजे तक मतदान हुआ. मतदाता सूची के अनुसार विभिन्न अखाड़ों के अध्यक्ष, सचिव और पूर्व रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष ने मतदान में हिस्सा लिया. तीन बजे से मतों की गिनती हुई. इसके बाद महंत विजयानंद दास ने विजय उम्मीदवार की घोषणा की और प्रशस्ति पत्र दिया. उन्होंने कहा कि रामनवमी शांतिपूर्वक भक्तिभाव के साथ मनायें.
विजय जुलूस निकला: महासमिति के अध्यक्ष बनने के बाद सुधीर यादव की जीत पर ढोल-ताशा के साथ विजय जुलूस निकाला गया. सभी लोगों ने एक दूसरे को बधाई दी और अबीर-गुलाल उड़ाये. सुधीर यादव ने कहा कि नशामुक्त रामनवमी की शोभायात्रा निकाली जायेगी. सभी अखाड़ों के लोग शांतिपूर्वक रामनवमी जुलूस निकालेंगे. जुलूस में आपत्तिजनक और भड़काऊ गाने नहीं बजाये जायेंगे. पुरुषोत्तम राम के उपदेशों के अनुरूप भक्तिभाव के साथ रामनवमी की शोभायात्रा निकाली जायेगी.
