तैयारी. एसडीओ ने की रामनवमी अखाड़ेधारियों के साथ बैठक
हजारीबाग : रामनवमी पर्व को लेकर कोलघटी मुहल्ला में एसडीओ की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में मुहल्ले के रामनवमी समिति के सदस्यों ने हिस्सा लिया. एसडीओ ने अखाडे के सदस्यों से कहा कि रामनवमी पर्व शांति और भाईचारगी के साथ मनायें. उन्होंने कहा कि जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस लेना जरूरी है.
जिस अखाड़े को लाइसेंस मिलेगा, उसे एसडीओ कार्यालय से पंजीयन कराना होगा. पंजीयन के लिए अखाड़ेधारी आवेदन देंगे और पांच सदस्यों का नाम देंगे. वैसे पांच सदस्यों को आइडी कार्ड दिया जायेगा. ये पांच सदस्य अपने-अपने जुलूस की निगरानी करेंगे.
मकानों को किया जायेगा चिह्नित: सदर थाना प्रभारी सह इंसपेक्टर जितेंद्र सिंह ने कहा कि जुलूस मार्ग में पड़नेवाले सभी मकानों के सदस्यों का नाम व उम्र का सेंसस होगा. पिछले वर्ष जिस मुहल्ला में घटना घटी थी, उस मुहल्ला के सभी मकानों का सेंसस किया जायेगा.
रामनवमी में आये अतिथियों के नाम की जानकारी भी देनी होगी.
जुलूस को मिलेगा नंबर कोड: इस वर्ष शहर आनेवाले रामनवमी जुलूस को नंबर कोड दिया जायेगा. सभी जुलूसों को नबंर कोड से जाना जायेगा. उक्त जानकारी सदर इंसपेक्टर जीतेंद्र सिंह ने दी. रामनवमी जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से ले जाने के लिए कई नियम बनाये जा रहे हैं. जिला प्रशासन रामनवमी पर्व धूमधाम से मने, इसे लेकर बेहतर तैयारी कर रही है. इसके अलावा पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे. शरारती तत्वों पर कार्रवाई के लिए उन्हें चिह्नित किया जा रहा है.
बैठक में सदर सीओ राजीव सिंह, बीडीओ राहुल वर्मा, कार्यपालक पदाधकारी डीएसपी चंदन कुमार वत्स एवं सदर थाना के कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे.
रामनवमी समिति गठित
बरही. रामनवमी त्योहार को लेकर गया रोड मल्लाह टोली में बैठक हुई़ इसकी अध्यक्षता रामेश्वर निषाद ने की़ बैठक में रामनवमी त्योहार शांति और सदभावना के साथ मनाने का निर्णय लिया गया.
इसके लिए एक अखाड़ा कमेटी का गठन हुआ. इसमें अध्यक्ष सिकंदर निषाद, उपाध्यक्ष विजय निषाद, मुकेश निषाद, सचिव राजू निषाद, उप-सचिव संतोप निषाद, मनोज पासवान, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र निषाद व शिवा निषाद चुने गये. अखाड़ा के कार्यकारणी में राजेश निषाद, राजू निषाद, जितेंद्र माली, संतोष निषाद, दिलीप निषाद, अनिल निषाद, प्रदीप निषाद, तिलक निषाद, शिवा निषाद, कौशल निषाद, उमेश निषाद, अशोक निषाद, राजू माली, पप्पू निषाद, प्रेम निषाद व गुड्डु ठाकुर आदि शामिल हैं.
