हजारीबाग : उत्पाद और सेवा कर माइग्रेशन शिविर गुरुवार को स्वर्णकार भवन में लगा. आयोजन हजारीबाग चेंबर अॉफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से किया गया. चेंबर के अध्यक्ष राजकुमार टोंग्या एवं सचिव विजय केसरी ने सहायक आयुक्त वाणिज्य कर अमरकांत ठाकुर एवं वाणिजय कर आयुक्त संजय कुमार समेत सभी अधिकारियों एवं व्यवसायियों का स्वागत किया.
शिविर में अधिकारियों ने जीएसटी लागू होने के बाद टीन नंबर किस तरह जीएसटी में माइग्रेट होगा, इसकी जानकारी दी. सहायक आयुक्त श्री ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार एक जुलाई से जीएसटी लागू करने जा रही है.
वैट, टीन समेत अन्य प्रकार के करों का जीएसटी में विलोपन होगा. देश भर में सभी व्यवसायियों के लिये एक कर लगने से लाभ होगा. व्यवसायी और उद्यमी 13 मार्च 2017 तक टीन नंबर को जीएसटी में माइग्रेट करा लें. हजारीबाग वाणिज्य कर आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि सरलीकरण की दिशा में जीएसटी एक सार्थक कदम है.
अन्य अधिकारियों में डीडी मिंज, मिथिलेश प्रसाद, आरके प्रसाद ने भी जानकारी दी. शिविर में आये व्यवसायियों ने वाणिज्य कर से संबंधित समस्याओं को भी अधिकारियों के समक्ष रखा. धन्यवाद ज्ञानपन राजेंद्र लाल ने किया. शिविर में काफी संख्या में जिले भर के व्यवसायी, उद्यमी एवं व्यापारी शामिल हुए.
