घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डेमोटांड बिरहोर काॅलोनी की है
डीएसपी सहदेव व मुफस्सिल थाना प्रभारी सुमन कर रहे जांच
हजारीबाग : 24 घंटे के अंदर एक गर्भवती बिरहोरिन और एक बिरहोर की मौत हो गयी. यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डेमोटांड बिरहोर काॅलोनी की है. मरने वालों में सुनीता उर्फ मुनियां बिरहोरिन (पति प्रकाश बिरहोर) एवं गणेश बिरहोर शामिल हैं. गणेश बिरहोर के शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया.
शव के सामने नाचने को लेकर विवाद में गयी जान : चार मार्च की शाम गर्भवती बिरहोरिन सुनीता उर्फ मुनियां बिरहोरिन सदर अस्पताल में प्रसव के लिए भरती हुई थी. इलाज के दौरान पांच मार्च की शाम सुनीता की मौत हो गयी. उसकी मृत्यु होने के बाद उसके परिजन शव को घर ले गये. रात में शव को मृतका के घर के सामने रखा गया था.
मृतका के ससुर सोमर बिरहोर ने बताया कि गणेश बिरहोर नशे में था. वह शव के निकट नाच रहा था. उसे मना किया गया लेकिन वह नहीं माना. इसके बाद दोनों ने एक दूसरे को धकेलना शुरू किया. इस क्रम में गणेश बिरहोर पीसीसी पथ पर गिर गया जिससे वह घायल हो गया. रात भर गणेश बिरहोर घायल अवस्था मे रहा. सुबह जब गणेश बिरहोर की पत्नी सुंदरी बिरहोरिन उसे कुछ पिलाने लगी तो उसके मुंह और नाक से खून आने लगा. इसकी जानकारी मोरांगी मुखिया चौधरी प्रसाद को दी गयी.
मुखिया ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भरती कराया. चिकित्सकों ने गणेश को देखा और मृत घोषित कर दिया. मृतक गणेश को वापस घर ले जाया गया. इसकी जानकारी मिलते ही सीसीआर डीएसपी सहदेव साव और मुफस्सिल थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बिरहोर काॅलोनी पहुंच कर मामले की जांच की. मृतक की पत्नी ने बताया कि उसके पति गणेश को सोमरा बिरहोर ने रात में मारकर घायल कर दिया. वह रात भर वह घायल पड़ा था.
पूर्व वार्ड सदस्य थी सुनीता : मोरांगी मुखिया चौधरी प्रसाद साहू ने बताया कि सुनीता पूर्व में वार्ड सदस्य थी. वह पहली बिरहोरिन थी जो हिंदी भाषा बोलती थी. वह कॉलोनी की पहली पढ़ी-लिखी बिरहोरिन महिला थी. उसके प्रयास से बिरहोर बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कूल खोला गया जहां आज कई बिरहोर बच्चे पढ़ रहे है.
मृतक की पत्नी के बयान पर मामला दर्ज : सहदेव
गणेश बिरहोर की मौत की जांच पड़ताल पुलिस कर रही है. मृतक की पत्नी के ब्यान पर मामला दर्ज करने की कार्रवाई हो रही है. सीसीआर डीएसपी सहदेव साव ने कहा कि सुनीता बिरहोरिन के शव के निकट गणेश बिरहोर नाच रहा था. इसी बीच सुनीता के ससुर सोमर बिरहोर ने उसे यह कहते हुए धक्का दिया कि उसकी बहू की मौत हुई है और वह नाच रहा है. पीसीसी पथ पर गिरने से उसके सिर में चोट लगी.
