हजारीबाग : जिले में स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों को खुले में शौच से मुक्त करने का अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत सदर प्रखंड के तीन पंचायतों में चल रहे स्वच्छ शक्ति सप्ताह को साकार करनेवाले मुखियाओं को डीसी रविशंकर शुक्ल ने प्रशस्ति पत्र एवं शॉल देकर सम्मानित किया.
सम्मान समारोह का आयोजन सदर प्रखंड परिसर में हुआ. सम्मानित होनेवालों में भेलवारा मुखिया वीणा देवी, मंडईकला मुखिया मो मोहिउद्दीन एवं अमनारी मुखिया अनूप कुमार हैं. डीसी श्री शुक्ला ने कहा कि प्रखंडों में चल रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता पर ध्यान दें.
मनरेगा के तहत अधिक से अधिक डोभा निर्माण करवाने में भूमिका निभायें. सभी महत्वाकांक्षी योजना को पूरा कराने में पंचायत प्रतिनिधि विशेष रुचि दिखायें. डीसी ने कहा कि अब तक जिन प्रखंडों में ओडीएफ के तहत शौचालय निर्माण का काम चल रहा है पंचायत प्रतिनिधि लोगों को शौचालय बनाने के प्रति जागरूक करें. मुखिया अनूप कुमार ने कहा कि इस तरह के पुरस्कार मिलने से काम करने का हौसला बढ़ता है. एक अप्रैल तक अमनारी पंचायत को ओडीएफ कर दिया जायेगा. एक दिन में तीन से चार शौचालय का निर्माण हो रहा है. मौके पर बीडीओ राहुल वर्मा समेत कई कर्मचारी एवं पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे.
