वारदात. इचाक में हुई बैंक डकैती की घटना में पुलिस ने किया खुलासा
हजारीबाग :इचाक स्थित इलाहाबाद बैंक शाखा में हुई डकैती के मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. गिरफ्तार अपराधियों में बांका के कटोरिया (बिहार) निवासी रणवीर सिंह उर्फ पप्पू सिंह एवं देवघर के मधुपुर निवासी शंभु दास हैं.
दोनों के पास से डकैती के 1.72 लाख रुपये बरामद किये गये हैं.
रणवीर सिंह की गिरफ्तारी रांची के कांटाटोली से, जबकि शंभु की गिरफ्तारी देवघर के मधुपुर से हुई है.एब तक चार की हो चुकी है गिरफ्तारी: मामले का खुलासा करते हुए एसपी अनूप बिरथरे ने कहा कि पकड़े गये आरोपी फरजी आइडी प्रूफ बना कर रहते थे. आरोपियों के पास से कई फरजी कागजात बरामद किये गये हैं. एसपी ने कहा कि अब तक डकैती के 4.12 लाख रुपये की बरामदगी हो चुकी है. इस मामले मे चार अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इससे पूर्व गत 16 फरवरी की शाम मो शमीम और रविंद्र कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया था.
पुलिस पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र
एसपी ने कहा कि डकैती की घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गयी थी. बैंक डकैती मामले का उदभेदन करनेवाले पुलिस पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
सम्मान पानेवालों में सदर इंस्पेक्टर सह सदर थाना प्रभारी जीतेंद्र सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी सुमन कुमार, चौपारण थाना प्रभारी सुदामा कुमार दास, इचाक थाना प्रभारी सुरेश राम समेत आठ पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं. ज्ञात हो कि विगत सात फरवरी को इलाहाबाद बैंक शाखा, इचाक में अपराधियों ने धावा बोला था और 21.30 लाख रुपये की डकैती कर फरार हो गये थे.
