हजारीबाग : होली और रामनवमी का पर्व भाईचारगी और शांतिपूर्वक हो, इसे लेकर एसपी अनूप बिरथरे ने जिला के सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर और थानेदारों के साथ बैठक की. एसपी ने सभी थानेदारों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के आखाड़ाधारियों के अध्यक्ष, सचिव, संरक्षक एवं सदस्यो के नाम व पते की जानकारी समेत लाइसेंसी और गैर लाइसेंसी रामनवमी पूजा समिति की जानकारी देने का निर्देश दिया. एसपी ने कहा कि रामनवमी अखाड़ा के आसपास के धार्मिक स्थलों का पुलिस पदाधिकारी नक्शा तैयार करें. वहीं पर्व के दौरान अफवाह फैलानेवालों और शरारती तत्वों को चिह्नित करें.
बैठक में पर्व से पूर्व अवैध शराब बिक्री और महुआ शराब चुलाई पर अंकुश लगाने के लिए छापामारी का निर्णय लिया गया. एसपी ने कहा कि धारा-107 के मामले में भी कार्रवाई होगी. वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के जुलूस पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी. डीएसपी सहदेव साव, डीएसपी डीके गुप्ता, बरही एसडीपीओ, बड़कागांव एसडीपीओ, इंस्पेक्टर सह सदर थाना प्रभारी जीतेंद्र सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी सुमन कुमार, बड़ा बाजार टीओपी प्रभारी नथूनी प्रसाद यादव समेत अन्य थानेदार उपस्थित थे.
