बड़कागांव : बड़कागांव प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड पंचायत समिति की बैठक प्रमुख राजमुनी देवी की अध्यक्षता में हुई. कार्यक्रम का संचालन बीडीओ अल्का कुमारी ने किया. बैठक में 23 पंचायतों के पंचायत समिति के सदस्यों ने हिस्सा लिया. बैठक में प्रखंड मुख्यालयों अधिकारियों व कर्मचारियों के समय पर नहीं आने का मुद्दा उठा. इन्हें चिह्नित कर कार्रवाई की बात कही गयी. वहीं 31 मार्च तक प्रखंड को खुले में शौच से मुक्त बनाने का निर्णय लिया गया. बैठक कहा गया कि बड़कागांव मध्य पंचायत में 80 प्रतिशत लोग आज भी खुले में शौच जाते हैं, जबकि मध्य पंचायत को गत वर्ष खुले में शौच मुक्त करने की घोषणा की गयी और मध्य पंचायत को निर्मल गांव पंचायत घोषित किया गया. पश्चिमी पंयायत के पंसस धर्मनाथ महतो ने सवाल उठाया कि पश्चिमी पंयायत में समस्त लोगों का शौचालय नहीं है, तो फिर यह पंचायत निर्मल गांव कैसे बना और मुखिया को पुरस्कार मिल गया.
बैठक में इसका कोई स्पष्ट उत्तर नहीं मिला. जिप सदस्य टुकेश्वर महतो ने जवाब दिया कि इस बार सभी के शौचालय की योजना तैयार कर ली गयी है. बैठक में योजनाओं की जानकारी दी गयी. इसमें शौचालय निर्माण 31 मार्च तक पूरा करने की बात कही गयी. वहीं कहा गया कि 2011 के डेटा के अनुसार बड़कागांव मध्य, कांडतरी, अंगो, तलसवार, महुंगाइकला का पीएम आवास योजना के तहत इंट्री हुई है. बैठक में कहा गया कि बादम, गोंदलपुरा, सिरमा, नापो में पीएम आवास मिलेगा. प्रखंड में वर्तमान में 614 पीएम अवास बनना है. मौके पर पंसस सरिता देवी, बासमति देवी, सल्मा सुल्तान, जगदेव महतो समेत समस्त पंसस, सीडीपीओ डॉ रेखा रानी उपस्थित थे.
पंस की बैठक को महत्व नहीं देते अफसर
पंचायत समिति की बैठक में अधिकांश अधिकारी अनुपस्थित रहे. इस पर पंचायत समिति सदस्यों ने नाराजगी जतायी. तलसवार के पंसस केदार महतो ने कहा कि प्रखंड पंचायत समिति की बैठक को अधिकारी वर्ग महत्व नहीं देते हैं. बैठक में उपस्थित नहीं रहनेवाले अफसरों पर आज तक कार्रवाई नही हुई है. इसके अलावा पंसस धर्मनाथ महतो,बासमति देवी, दिनेश्वर राम पासवान समेत अन्य सदस्यों ने ऐसे अफसरों पर कार्रवाई की मांग की.
अनुपस्थित रहनेवाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई : बीडीओ
बीडीओ अलका कुमारी ने कहा कि अनुपस्थित रहनेवाले अफसरों को शो कॉज किया जायेगा. उसके बाद कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग मैट्रिक व इंटर की परीक्षा को लेकर व्यस्त हैं.
