हजारीबाग : सड़क सुरक्षा को लेकर गुरुवार को सूचना भवन सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया. इसकी अध्यक्षता प्रशिक्षु आइएएस रामनिवास यादव ने की. कार्यशाला में सड़क सुरक्षा पर पुस्तक का विमोचन किया गया.
कार्यशाला में एनसीसी कैडेट भी शामिल हुए. रामनिवास यादव ने कहा कि उन्हें पांच वर्षों तक सिक्किम राज्य का आरक्षी अधीक्षक रहने पर बहुत कुछ सीखने को मिला. सिक्किम के लोग भारत के सबसे स्वच्छ व सड़कों के नियम का पालन करनेवाले होते हैं. यह उनकी आदतों में शुमार है. यहां सभी अधिकार की बात करते हैं, पर कर्तव्य को नहीं निभाते. सरकार ने वाहन लाइसेंस दिया है.
लोगों को अधिकार व कर्तव्यों का पालन करने चाहिए. उन्होंने एनसीसी कैडरों को सड़क सुरक्षा को लेकर हजारीबाग के लोगों को जागरूक करने में विशेष योगदान देने को कहा. वहीं कर्नल भटनागर ने एनसीसी के कैडरों को सप्ताह में एक दिन सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के संबंध में बताते हुए लोगों को जागरूक करने की बात कही. उन्होंने कहा कि आप लोगों की मदद से हमारी कोशिश कामयाब होगी. उन्होंने कहा कि जानकारी देने के बाद भी सड़क पर नियमों का उल्लंघन किया गया, तो कार्रवाई की जायेगी.
पुस्तिका का विमोचन: जिला परिवहन पदाधिकारी प्रणव पॉल ने सड़क सुरक्षा से संबंधित पुस्तिका का विमोचन किया गया. कहा कि विकास का पहला मापदंड सड़क है. सड़क पर कैसे चलना है, यह महत्वपूर्ण बात है. हमें सड़क सुरक्षा के मानकों का पालन करना चाहिए. नियम-138 के तहत सीटबेल्ट का उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, हेलमेट का उपयोग करने आदि की जानकारी दी गयी.
