बड़कागांव : प्रशासन की ओर से जो भी मुआवजा मृतकों के लिए तय की जायेगी, उसके अनुसार काम होगा. परिजनों को मुआवजा एवं कंपनियों में नौकरी दी जायेगी. जो भी विस्थापित रैयत पुनर्वास कॉलोनी में नहीं जाना चाहते हैं, वह मकान एवं जमीन का मुआवजा नकद ले सकते हैं.
उक्त बातें एनटीपीसी के कार्यकारी निदेशक पीएम प्रसाद ने बड़कागांव स्थित साइड कार्यालय में पत्रकारों से कही. श्री प्रसाद ने कहा कि 30 सितंबर से खनन कार्य बंद था, लेकिन चार अक्तूबर को काम शुरू हुआ. विधायक निर्मला देवी के नेतृत्व में 28 सितंबर को नगड़ी माइंस के निषेध क्षेत्र में मार्ग को अवरुद्ध कर पोकलेन को रोका गया. वहीं 29 सितंबर को बरवाडीह मार्ग पर भी पोलकेन को रोका गया. इन दोनों घटनाओं को लेकर थाने में मामला दर्ज कराया गया. इन मामलों को लेकर ही पुलिस प्रशासन विधायक निर्मला देवी को गिरफ्तार करने एक अक्तूबर को गयी थी. हम मृतक एवं घायल लोगों के परिजनों के साथ हैं.
