खिरगांव मुक्तिधाम पर पड़ी चोरों की नजर
हजारीबाग : खिरगांव स्थित मुक्तिधाम से लाखो रुपये मूल्य के चंदन के पेड़ की चोरी हो गयी. इस संबंध मे भूतनाथ मंडली के अध्यक्ष विजय कुमार वर्मा ने सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज को लेकर आवेदन दिया है. बताया जाता है कि 17 जून की देर रात अज्ञात चोर चंदन के पेड़ काट कर ले गये. मंडली के सदस्यों ने बताया कि मुक्तिधान परिसर में 36 चंदन के पेड़ लगाये गये थे.
इनमें अब तक 30 पेड़ की चोरी हो चुकी है. ज्ञात हो कि गत वर्ष भी एक चंदन के पेड़ की चोरी हो गयी थी. चंदन तस्कर सक्रिय: पिछले दस वर्षों में हजारीबाग से एक करोड़ से अधिक मूल्य के पेड़ की चोरी तस्कर कर चुके हैं. फॉरेस्ट अॉफिस से छह पेड़, डीएफओ आवास से दो पेड़, फॉरेस्ट कालोनी से कुल छह चंदन के पेड़ की चोरी तस्कर कर चुके हैं. कुल मिला कर एक करोड से अधिक मूल्य के चंदन के पेड़ की चोरी हो चुकी है.
