पहल. विवि में वृहद लोन मेला का आयोजन, बोले वित्त राज्य मंत्री
हजारीबाग : मुद्रा लोन के तहत जिले के 26 बैंकों की ओर से शनिवार को 1061 लाभुकों के बीच करीब 10 करोड़ के ऋण की स्वीकृति दी गयी व वितरण हुआ. विनोबा भावे विवि के विवेकानंद सभागार में शनिवार को वृहद लोन मेला का आयोजन किया गया. इसका उदघाटन वित्त राज्यमंत्री जयंत सिन्हा, सीएमडी अरुण तिवारी, बीओआइ महाप्रबंधक सुदीप्तो चक्रवर्ती, डीडीसी राजेश पाठक, जिप अध्यक्ष सुशीला देवी, बीओआइ के आंचलिक प्रबंधक एस इथी राजू, उप- आंचलिक प्रबंधक शिवनाथ नंदी और एसबीआइ के रिजनल मैनेजर अभिजीत परासर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया.
मौके पर जयंत सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत देश में 22 करोड़ खाते खोले गये. इनमें 40 हजार करोड़ रुपये जमा हुए. मुद्रा लोन के तहत बेरोजगारों को ऋण उपलब्ध करायी जा रही है. नये उद्यमी इसमें सामने आयेंगे. यूनियन बैंक के सीएमडी अरुण तिवारी ने कहा कि मुद्रा लोन के तहत गांव के छोटे उद्यमियों को रोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराये जा रहे हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो रोजगार देने का वादा किया, इसी के तहत हर तबके के व्यवसायियों को ऋण उपलब्ध करायी जा रही है. बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक एनवी जी सुदीप्तो मुखर्जी ने कहा कि मुद्रा लोन से 50 हजार रुपये लेकर छोटा व्यवसाय अपने उद्योग को बढ़ा सकता है. हजारीबाग जिले में मुद्रा लोन से 10755 लाभुकों को जोड़ा गया है. एलडीएम एनके सिंह ने बताया कि जिले के सभी 26 बैंकों की ओर से मुद्रा लोन बांटने, स्टॉल लगाने का कार्य हुआ है.
बैंक ने परिसंपत्तियां बांटी
यूनियन बैंक के जोनल हेड सुनील कुमार गुप्ता, रिजनल हेड रांची तपन चक्रवर्ती, एजीएम मंगलम, वरिष्ठ शाखा प्रबंधक पेलावल अशोक कुमार सिंह की उपस्थिति में सीएमडी व वित्त राज्यमंत्री के हाथों 13 नि:शक्तों को ईयरहेड फोन, राजकीय मवि पबरा के मेधावी विद्यार्थियों को स्कूल बैग, 25 बिरहोर को साइकिल और विनोबा भावे विरि को तीन कंप्यूटर दिये गये. सभी परिसंपत्ति यूनियन बैंक ने सीएसआर के तहत बांटे.
बैंकों के स्टॉल लगे: जिले के सभी बैंकों ने विश्वविद्यालय परिसर में बैंक का स्टॉल लगाया. इसमें मुद्रा लोन की जानकारी दी गयी. वहीं लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण हुआ. वित्त राज्यमंत्री ने मुद्रा लोन के तहत ट्रैक्टर, अॉटो की चाबी भी लाभुकों को दी.
