हजारीबाग : मैं वृक्ष हूं..मुझे काटो मत..धरती पर सुख सुविधा बांटो.. के नारे बुधवार को जगदीशपुर गांव में लग रहे थे. इस गांव में सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष व बच्चे जंगल बचाने के लिए जमा हुए थे. पर्यावरण सुरक्षा समिति, जगदीशपुर-बड़ासी पंचायत में समिति के गठन के बाद पर्यावरण को बचाने में सभी लगे हुए थे.
पर्यावरण मेला सह वृक्ष रक्षाबंधन कार्यक्रम को लेकर गांव में उत्साह था. इस दौरान 20 एकड़ भू-भाग के जंगल को बचाने के लिए रक्षाबंधन पर्यावरणविद महादेव महतो के मार्गदर्शन में किया गया. इसमें गांव की महिलाओं ने पेड़ों पर रक्षाबंधन किया. वहीं अगरबत्ती जला कर और सिंदूर-रोड़ी लगा कर जंगल को बचाने का संकल्प लिया. मौके पर सीएफ महेंद्र प्रसाद, डीएफओ सुशील सोरेन, एसीएफ प्रमोद अग्रवाल, रेंज ऑफिसर आरएन प्रसाद, वनपाल यमुना राम, जिप सदस्य विनोद मेहता, मुखिया टुकेश्वरी, समिति के अध्यक्ष रेखा देवी, उपाध्यक्ष राधे महतो, सच्चिदानंद सिंह, शत्रुंजय सिंह, गोपाल सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग जुटे थे.
लोगों को किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संबंधी मॉडल, प्रदर्शनी, पर्यावरण नाटक, नुक्कड़ गीत व झूमर की प्रस्तुति कर लोगों को जागरूक किया गया. वक्ताओं ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं, भूकंप, सुनामी, बाढ़, बीमारी सभी परेशानी का मुख्य कारण पेड़ों का कटना है. पेड़ों की कई प्रजातियां आज हमारे क्षेत्र से गायब रही हैं. हमें वृक्षों को किसी भी हाल में बचाना होगा.
