डिजिटल जनगणना में हजारीबाग का डंका: 'स्वयं-गणना' में झारखंड में दूसरा स्थान, जानें इसका तरीका

Hazaribagh Self Enumeration: हजारीबाग नगर निगम ने जनगणना 2027 के तहत 'स्वयं-गणना' कार्य में झारखंड में दूसरा स्थान प्राप्त किया है. प्रधान जनगणना अधिकारी सह नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए शहरवासियों से डिजिटल माध्यम से गणना करने की अपील की है. नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर सरल प्रक्रिया के जरिए अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं.

Hazaribagh Self Enumeration, हजारीबाग, (देवनारायण की रिपोर्ट): ‘जनगणना 2027’ के तहत चलाए जा रहे ‘स्वयं-गणना’ (Self-Enumeration) अभियान में हजारीबाग नगर निगम ने शानदार प्रदर्शन किया है. झारखंड राज्य की रैंकिंग में हजारीबाग ने दूसरा स्थान हासिल कर अपनी डिजिटल सक्रियता का परिचय दिया है. इस सूची में रांची नगर निगम पहले पायदान पर रहा है. प्रधान जनगणना अधिकारी सह नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की पुष्टि करते हुए नगर निगम की टीम और जागरूक नागरिकों की सराहना की है.

अगला लक्ष्य: राज्य में प्रथम स्थान

नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता ने कहा कि जनगणना कार्य में नगर निगम की टीम पूरी निष्ठा के साथ बेहतर कार्य कर रही है. वर्तमान में दूसरे स्थान पर रहने के बाद अब निगम का लक्ष्य स्वयं-गणना के कार्य में पूरे झारखंड में प्रथम स्थान हासिल करना है. उन्होंने कहा कि यदि शहरवासी इस राष्ट्रीय कर्तव्य में थोड़ा और उत्साह दिखाएं, तो हजारीबाग निश्चित रूप से राज्य में शीर्ष पर पहुंच जाएगा.

Also Read: हजारीबाग के दारू में घूम रहा जंगली हाथी, गांवों में फैला अनहोनी का खौफ

स्वयं-गणना की प्रक्रिया है बेहद सरल

नगर आयुक्त ने प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि वे तकनीक का लाभ उठाएं और एक जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें. उन्होंने स्वयं-गणना की प्रक्रिया को स्पष्ट करते हुए बताया कि नागरिक सबसे पहले अपने मोबाइल या कंप्यूटर से आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाएं. फिर अपने मोबाइल नंबर और ओटीपी (OTP) के माध्यम से लॉगिन करें. इसके बाद मैप पर अपने घर की सटीक लोकेशन सेट करें (इसके लिए मैप को दो उंगलियों से खिसकाएं) और अपने मकान और परिवार के सदस्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी भरें. विवरण जमा करने के बाद 11 अंकों का SE ID प्राप्त होगा, जिसे भविष्य के लिए सुरक्षित रखना अनिवार्य है.

राष्ट्रीय कर्तव्य में भागीदारी की अपील

नगर आयुक्त ने जोर देते हुए कहा कि डिजिटल गणना न केवल समय की बचत करती है, बल्कि यह अधिक सटीक और सुरक्षित भी है. उन्होंने शहर के युवाओं और प्रबुद्ध जनों से आग्रह किया कि वे अपने साथ-साथ आस-पड़ोस के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें. हजारीबाग को डिजिटल जनगणना के क्षेत्र में आदर्श शहर बनाने के लिए जन-भागीदारी की अत्यंत आवश्यकता है.

Also Read: श्री झारखंड सीमेंट प्लांट में ब्लड डोनेशन कैंप, 28 लोगों ने किया रक्त दान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >