केरेडारी : प्रखंड के कंडाबेर स्थित माता स्थान के समीप डाक बंगला का निर्माण हुआ. वर्ष 2012-13 में जिला परिषद मद से लाखों रुपये की लागत से इसका निर्माण हुआ. लेकिन, अब हैंडओवर करने से पहले ही भवन क्षतिग्रस्त हो गया है. डाक बंगला में लगे दरवाजे व खिड़कियां टूटने लगे हैं.
धीरे-धीरे भवन की स्थिति जर्जन होती चली जा रही है. डाक बंगला की चहारदीवारी तो बना दी गयी है, लेकिन फर्श नहीं बनाया गया है. डाक बंगला के सामने ग्राउंड की स्थिति भी काफी दयनीय है. इससे डाक बंगला की सुंदरता नष्ट हो रही है.
नहीं मिल रहा अतिथियों को लाभ: प्रखंड स्थित कंडाबेर माता स्थान राज्य भर में अपनी एक अलग पहचान रखती है. यहां दूर-दूर से लोग पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं. उनके ठहरने के लिए डाक बंगला का निर्माण हुआ, लेकिन इसका लाभ लोगों को नहीं मिला.
कमेटी करेगी संचालन : ग्रामीण व पूर्व मुखिया पति कौलेश्वर यादव ने बताया कि डाक बंगला का संचालन ग्रामीण कमेटी बना कर करना है. हालांकि अभी कमेटी नहीं बनी है. वहीं भवन भी पूर्ण रूप से तैयार नहीं हो पाया है. इस कारण लोग इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं.
