राजस्व कर्मचारी 20 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार

हजारीबाग : जिले के डाडी अंचल के राजस्व कर्मचारी सत्येंद्र कुमार दास को एसीबी की टीम ने बुधवार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. निगरानी की टीम ने यह कार्रवाई दिन के करीब 11:30 बजे संत कोलंबा कॉलेज स्टेडियम के पास की. राजस्व कर्मचारी ने जमीन सत्यापन के एवज में मांडू […]

हजारीबाग : जिले के डाडी अंचल के राजस्व कर्मचारी सत्येंद्र कुमार दास को एसीबी की टीम ने बुधवार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. निगरानी की टीम ने यह कार्रवाई दिन के करीब 11:30 बजे संत कोलंबा कॉलेज स्टेडियम के पास की. राजस्व कर्मचारी ने जमीन सत्यापन के एवज में मांडू थाना क्षेत्र के हुआग निवासी मो अली जान से 60 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी.
जानकारी के अनुसार सत्येंद्र कुमार दास कटकमदाग थाना क्षेत्र के खपरियावा का रहनेवाला है. बताया जाता है कि मो अली जान की पिंडरा में 1.74 एकड़ जमीन है. जमीन का अधिग्रहण सीसीएल कर रहा है. जमीन के सत्यापन के लिए राजस्व कर्मचारी 70 हजार रुपये की मांग कर रहा था. बाद में मामला 60 हजार रुपये में तय हुआ. राशि किश्तों में देनी थी.
बुधवार को 20 हजार रुपये देने की बात तय हुई. राजस्व कर्मचारी ने मो अली जान को पैसा लेकर संत कोलंबा कॉलेज के पास बुलाया. स्टेडियम के निकट मो अली जान ने जैसे ही 20 हजार रुपया राजस्व कर्मचारी को दिया, एसीबी की टीम ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद राजस्व कर्मचारी ने टीम के डीएसपी प्राणरंजन का चश्मा झपट कर भागने की भी कोशिश की, लेकिन लगा. टीम के अन्य सदस्यों ने कर्मचारी को खदेड़ कर पकड़ लिया.
एसीबी में की थी शिकायत
घूस मांगने की शिकायत मो अली जान ने प्रमंडलीय निगरानी कोषांग, हजारीबाग में की थी. मामले की जांच कर एसीबी की टीम ने बुधवार को छापेमारी कर राजस्व कर्मचारी सत्येंद्र कुमार दास को गिरफ्तार किया. टीम में डीएसपी प्राणरंजन, इंस्पेक्टर कमालउद्दीन, इंद्रदेव राम, विजय पांडेय व अन्य शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >