– मारपीट में महिला पार्षद समेत कई घायल
– प्राथमिकी दर्ज
हजारीबाग. सरस्वती पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान एक वाहन का शीशा तोड़ दिये जाने के कारण दो पक्षों में जम कर मारपीट हुई, जिससे हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गयी. मारपीट में वार्ड संख्या 20 की पार्षद सुनीता देवी घायल हो गयीं. सुनीता देवी का प्राथमिक उपचार सदर अस्पताल में कराया गया.
बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया. मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. जानकारी के अनुसार घटना खिरगांव स्थित सिरका मुहल्ला में घटी. बताया जाता है कि 15 फरवरी की देर रात विसर्जन शोभायात्रा गुजर रही थी, उसी दौरान यह घटना घटी. बड़ा बाजार टीओपी पुलिस के अनुसार मंजीत यादव के भांजा किशन कुमार यादव ने जुलूस के वाहन का शीशा तोड़ दिया. इसी बात को लेकर दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गये, जिसके बाद दोनों ओर से जम कर मारपीट हुई. इस घटना में कई लोगों को चोट आयी है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही बड़ा बाजार टीओपी पुलिस एवं सदर पुलिस वहां पहुंची और घटना की जानकारी ली.
घटना को लेकर एक ओर से रामविलास पांडेय ने प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें मंजीत यादव, वार्ड पार्षद सुनीता देवी, किशन कुमार यादव, भगवान राम, विक्की कुमार (सभी सिरका निवासी) को आरोपी बनाया गया है. वहीं दूसरी प्राथमिकी मनोज यादव ने दर्ज करायी है, जिसमें अनिल पांडेय, रामविलास पांडेय, राजदीप पांडेय, पिंटू पांडेय,अमित पांडेय, रोहित पांडेय, अजीत पांडेय, राजकरण पांडेय, राहुल पांडेय एवं लक्ष्मण पांडेय को आरोपी बनाया गया है.
