कटकमसांडी : कटकमदाग थाना क्षेत्र के बेस गांव के युवक की हत्या कर दी गयी. युवक नरेश महतो (28) पिता भुवनेश्वर महतो है. परिजनों ने 16 अक्तूबर को सुबह नौ बजे गांव से एक किमी की दूरी पर स्थित बहेराटांड़ में शव पड़ा देखा. नरेश के चेहेर व शरीर पर कई चोट के निशान हैं. शव को देखते ही कटकमदाग पुलिस को जानकारी दी गयी. कटकमदाग पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया.
पुलिस ने अज्ञात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया है.क्या है मामला : नरेश के भाई खुशलाल कुशवाहा ने कहा कि मेरा भाई नरेश 15 अक्तूबर को घर से फसल की दवा लाने बड़कागांव मोटरसाइकिल से गये थे. जब शाम को वापस घर नहीं लौटे तो खोजबीन शुरू कर दी गयी. रात 10.30 बजे जब फोन पर उससे संपर्क साधा गया तो उधर से कराहने की आवाज आयी. इसके कुछ देर के बाद मोबाइल बंद हो गया. मोबाइल बंद होने से परिजनों की चिंता बढ़ गयी. 16 अक्तूबर की सुबह नौ बजे गांव से बाहर एक किमी की दूरी पर लहूलुहान शव पड़ा मिला.
वहीं मृतक की मोटरसाइकिल भी गिरी हुई थी.हत्या किये जाने की आशंका : पुलिस इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम ने कहा कि नरेश की हत्या किये जाने की आशंका है. मृतक के मुंह एवं शरीर पर गंभीर चोट के निशान हैं. कटमदाग थाना में नरेश के पिता भुवनेश्वर महतो के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
घटनास्थल पर पहुंचे विधायक : विधायक मनीष जायसवाल ने घटनास्थल पर पहुंच कर पीड़ित परिवार को सांत्वना दिया. पीड़ित परिवार को विधवा पेंशन,राशन की दुकान दिलवाने का आश्वासन दिया. समाजसेवी सह डीलर संघ के अध्यक्ष अरुण राणा ने प्रशासन से हत्या में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार करने मांग की है.
