हजारीबाग : सेवानिवृत्त चिकित्सक और सेवानिवृत्त इंजीनियर के घर भीषण डकैती बुधवार के रात को हुई. पहली घटना सिमेंट्री रोड प्रोफेसर कॉलोनी में स्थित डॉ एटीएस सिन्हा के घर पर हुई. श्री सिन्हा व उनकी पत्नी घर से बाहर थे. डकैतों ने श्री सिन्हा के घर के सभी आलमीरा को तोड़ कर लाखों के आभूषण और कीमती सामन को लूट लिया.
दूसरी घटना आनंदपुरी मुहल्ला स्थित इंजीनियर एचबी पांडेय के घर पर घटी. डकैतों ने इंजीनियर के घर से डेढ़ लाख से अधिक के जेवरात और 36 हजार रुपये नगद तथा इसी घर में किराये पर रह ही महिला ब्यूटीशियन से 10 हजार रुपये लूट लिये. श्री पांडेय तथा उनकी पत्नी भी घर से बाहर थे.
डकैतों ने कैसे दिया घटना को अंजाम : चिकित्सक एटीएस सिन्हा के घर के परिसर स्थित गैराज के ऊपर के कमरे में किरायेदार पवन आर्या सो रहा था. पवन ने बताया कि सुबह उठने पर कमरे से निकलने के लिए अपना दरवाजा खोलने लगा तो दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद थी. दरवाजा नहीं खुला. मैंने अपने मित्र को फोन कर बुलाया. उसने आकर दरवाजे की कुंडी खोली. मैं बाहर निकल कर डॉक्टर साहब का घर देखा. मुख्य दरवाजा का ताला टूटा था.
अंदर घुस कर देखा तो सभी आलमीरा टूटा हुआ पाया. सामान बिखरा था. जिसमें चेक बुक, पासबुक, कपड़े , गहने का खाली शो-केश,कई पर्स,बैग व अन्य सामान शामिल थे. इसकी जानकारी बड़ा बाजार टीओपी को दी. डकैतों ने चिकित्सक के डाइनिंग टेबल पर शराब पी. डाइनिंग टेबल पर चार खाली ग्लास, एक शराब की खाली बोतल,प्लेट में ड्राय फ्रूट,मिक्चर पड़ा था. पवन ने बताया कि संभवत: डकैतों ने शराब पी कर घटना को अंजाम दिया है.
घटना लगभग आधी रात के बाद की है. 12 बजे रात तक मैं जगा था. उसके बाद ही डकैतों ने इस घटना को अंजाम दिया है. डाक्टर के घर कितने की डकैती हुई इसका आकलन नहीं हो पाया है. क्योंकि डॉक्टर घर से बाहर हैं. सेवानिवृत्त इंजीनियर एचबी पांडेय के घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ कर डकैत अंदर घुसे. इंजीनियर के घर से आभूषण व नगद लूटने के बाद ऊपरी मंजिल पर डकैत पहुंचे. वहां कमरे में एक महिला किरायेदार जाे ब्यूटीशियन का काम करती है रहती है. डकैतों ने उसके कमरे में घुस कर चाकू का भय दिखा कर उससे 10 हजार रुपये का एक बंडल लूट लिया. महिला ने बताया कि डकैतों की संख्या चार थी. सभी के हाथ में धारदार हथियार थे और सभी नशे में धुत थे.
यह घटना रात लगभग तीन बजे की है. डॉक्टर अौर इंजीनियर के घर डकैती की समानता : डॉक्टर तथा इजीनियर के घर पर हुई डकैतों में कई समानताएं हैं. डॉक्टर के घर एक खाली काला-लाल रंग का एक बैग डकैतों ने छोड़ा. वहीं इंजीनियर के घर ब्लू-काला रंग का एक बैग छोड़ा है. डॉक्टर के घर डाइनिंग टेबल पर खाली शराब की बोतल पड़ी थी. वहीं इंजीनियर के घर किराये में रह रही महिला ने बताया कि सभी डकैत नशे में थे.
फिंगर प्रिंट िलया गया : फॉरेंसिक एक्सपर्ट रमा शंकर मिश्रा ने फिंगर प्रिंट ली है. दोनों जगह की घटना के फिंगर प्रिंटों का मिलान किया जा रहा है. श्री मिश्रा ने कहा कि दोनों घटना में समानता है. फिंगर प्रिंट मिलान करने के बाद ही डकैतों के गिरोह का पता चल पायेगा.
बेपरवाह रही दो टीओपी की पुलिस
घटनास्थल एनएच-33 से महज 100 गज की दूरी पर है. पहली घटना बड़ा बाजार टीओपी क्षेत्र की है. जबकि दूसरी घटना कोर्रा टीओपी क्षेत्र की है. डकैतों ने घंटों दोनों ही घरों में निर्भय हो कर घटना को अंजाम दिया. इसकी भनक न तो कोर्रा टीओपी को लगी और न ही बड़ा बाजार टीओपी को. एसपी अखिलेश कुमार झा ने चोरी,सेंधमारी, डकैती जैसे अपराध पर अंकुश लगाने के लिए शहर में टीओपी को प्रभावशाली बनाया है. जिससे इस तरह की घटना पर नियंत्रण रखा जा सके. कोर्रा,बड़ा बाजार व लोहसिंघना टीओपी क्षेत्र में आये दिन मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं घट रही है.
