नगर निगम की स्थायी समिति ने लिया बरसात से पूर्व सफाई कराने का निर्णय
सफाई कार्य के लिए 15 टीमें गठित
निगम जलापूर्ति के लिए भाड़े पर पानी टैंकर
हजारीबाग : शहर के सभी छोटे-बड़े नाले की सफाई कार्य बरसात के पूर्व कराने का निर्णय सोमवार को नगर निगम की स्थायी समिति ने बैठक में लिया. सफाई अभियान कार्य सात जून से शुरू होगा. इसके लिए निगम ने 15 टीमों का गठन किया है. प्रत्येक टीम में 10-10 मजदूरों को रखा गया है. ये सभी मजदूर आउटसोर्सिंग से काम करनेवाले हैं. रात में सफाई नहीं होगी. यहीं मजदूर दिन में शहर के नाले की सफाई कार्य करेंगे. प्रत्येक दो टीम का नेतृत्व एक जोनल अध्यक्ष करेंगे.
उन्हीं की देखरेख में सफाई कार्य होगा. शहर में खराब डीप बोरिंग व चापानल मरम्मत कार्य 15 जून के पूर्व कराया जायेगा. खराब डीप बोरिंग का सर्वे एक दिन के अंदर करने को कहा गया है. इसमें लगने वाले सभी खराब सामानों को बदला जा सके. वहीं चापानल को मरम्मत करने के लिए चार टीमों का गठन किया गया है. सभी टीमों को मरम्मत करने की सामग्री उपलब्ध करायी जायेगी.
पेयजल संकट दूर करने के लिए नौ पानी टैंकर भाड़े पर रखा जायेगा. इसमें टैंकर व चालक शामिल होंगे. इन टैंकरों से पानी की समस्या वाले वार्डों में पेयजल की आपूर्ति की जायेगी. इसके लिए निगम प्रत्येक टैंकर पानी उपलब्ध कराने पर 600 रुपये शुल्क टैंकर व चालक को दिया जायेगा. वर्तमान में निगम के पास 15 टैंकर हैं. सफाई कार्य के लिए छह ट्रैक्टर खरीदने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा सफाई के लिए कई सामग्रियां खरीदी जायेगी. शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ब्लीचिंग छिड़काव के लिए 200 बैग ब्लीचिंग पाउडर खरीदा जायेगा. प्रत्येक वार्ड में पांच-पांच बैग पाउडर दिया जायेगा.
इसके अलावा खिरगांव डंपिंग ग्राउंड का सीट से घेराबंदी करने, 200 फीट पीसीसी पथ बनाने, खान पार्षद के कर्मियों की सेवा काल अवधि 58 वर्ष निर्धारित किया गया. अध्यक्षता महापौर रौशनी तिर्की ने की. मौके पर उप महापौर राजकुमार लाल, कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव, समिति के वार्ड पार्षद दीपरंजन, विकास यादव, पंकज गुप्ता, रेखा सिंह, राजेश कुमार सिन्हा, दिलीप कुमार साव, सुनीता देवी आदि शामिल थे.
