चौपारण : झारखंड-बिहार की सीमा के चोरदाहा चेकपोस्ट पर 34 पशु से लदे कंटेनर को पुलिस ने रविवार की देर रात जब्त किया. जब्त कंटेनर (डब्ल्यूबी-41एच- 3400) में 30 गाय व चार बैल लदे थे. थाना प्रभारी सुदामा कुमार दास ने बताया कि गुप्त सूचना पर एएसआइ सह चेकनाका प्रभारी सूरज कुमार मोदी ने पुलिस जवानों के साथ बैरियर लगा कर चेकिंग की.
इस बीच बिहार से कोलकता जा रही कंटेनर को रोका गया. इसमें पशु लदे थे. पुलिस ने पप्पू यादव (पिता- सुरेश यादव), दिनेश कुमार (पिता- नंद केश्वर यादव), हरिदासपुर, थाना- आमस, गया (बिहार) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पशुओं को चिकित्सक द्वारा स्वास्थ्य जांच करवा कर पदमा गोशाला भेज दिया गया. थाना प्रभारी ने कहा कि जीटी रोड पर अवैध कारोबार से जुड़े अपराधियों के विरुद्ध पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है.
