गुमला. मुहर्रम कमिटी लोहांजारा सिसई के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ. समापन समारोह में मुख्य अतिथि लोहरदगा लोकसभा सांसद सुखदेव भगत शामिल हुए. विशिष्ट अतिथि सांसद के निजी प्रतिनिधि आलोक साहू, प्रखंड प्रमुख मीना टोप्पो और सिसई प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष निलेश उरांव मौजूद रहे.
चांपी ने 2-0 से जीता फाइनल
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला चांपी और पोढ़ा टीम के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में चांपी की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पोढ़ा को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया.
ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को सामने लाने का बेहतर माध्यम हैं. खेल से युवाओं में अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है. उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित अवसर और बेहतर मंच देने की है.
जिला से राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बना सकते हैं युवा
उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और नियमित मेहनत करने की अपील करते हुए कहा कि फुटबॉल जैसे खेलों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवा जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं.
खिलाड़ियों का बढ़ा उत्साह
समापन समारोह में आयोजन समिति के सदस्य, बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे.
