गुमला. नगर निकाय चुनाव 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने शुक्रवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. उपायुक्त ने राजकीय हरिजन मवि, गुमला (बूथ संख्या 9/1 व 9/2), चलंत बूथ संख्या 10/1 व 10/2 (आजाद बस्ती गुमला), माहेश्वरी भवन लोहरदगा रोड (बूथ संख्या 11/1 व 11/2) तथा लुथेरान मीडिल स्कूल दुंदरिया (बूथ संख्या 1/1 व 1/2) का दौरा किया. दौरे के कम में उपायुक्त ने उपायुक्त ने विधि-व्यवस्था का जानकारी प्राप्त की. मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को सभी मतदान केंद्रों पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी (एएमएफ) अंतर्गत पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, रैंप, बैठने की समुचित व्यवस्था, छाया व साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. विशेष रूप से चलंत बूथों में पेयजल, शौचालय व कालीन बिछाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. उपायुक्त ने रिटर्निंग ऑफिसर सह डीसीएलआर राजीव कुमार को विधि-व्यवस्था की स्थिति पर सतर्कता बरतते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं के लिए सुगम, सुरक्षित व सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता व तत्परता सुनिश्चित की जाये, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें. उपायुक्त ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि 23 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले नगर निकाय निर्वाचन के अवसर पर प्रत्येक मतदाता अपने संबंधित बूथ पर पहुंच कर मतदान जरूर करें. उन्होंने कहा कि एक-एक मत लोकतंत्र की मजबूती तथा अपने नगर के विकास की दिशा तय करता है. निरीक्षण में डीसीएलआर गुमला, प्रशासक नगर परिषद, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी शामिल थे.
मतदाता 23 को अपने-अपने बूथों पर पहुंच मतदान करें : डीसी
विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर दिये दिशा-निर्देश
