प्रतिनिधि, गुमला. गुमला जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने जिला स्तर के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची की शुद्धता पूरी तरह सुनिश्चित की जाये और प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र भारतीय नागरिक को अनावश्यक परेशानी न हो.
बूथ स्तर पर समन्वय और मामलों की निष्पक्ष जांच
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बूथों पर बीएलओ के साथ निरंतर समन्वय बनाये रखने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने का निर्देश दिया. इआरओ और एइआरओ स्तर से बूथवार प्रगति, लंबित मामलों और आने वाली बाधाओं की नियमित समीक्षा करने को भी कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि नागरिकता या पात्रता को लेकर पर्याप्त संदेह वाले मामलों की विधिवत जांच की जाये. प्रत्येक संदिग्ध मामले में बीएलओ या इआरओ द्वारा स्पीकिंग ऑर्डर पारित कर पारदर्शी तरीके से निष्पादन किया जाना अनिवार्य है.
दस्तावेज नहीं होने पर पारिवारिक अभिलेखों से सत्यापन
ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में जन्म स्थान, माता-पिता, भाई-बहन और अन्य पारिवारिक अभिलेखों के माध्यम से तथ्यों का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया. आवश्यकता पड़ने पर टीम घर-घर जाकर स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटायेगी. विवाह के बाद महिलाओं के मामलों में मायके के खतियान और पारिवारिक विवरण जैसे वैध दस्तावेजों को सत्यापन का आधार बनाया जायेगा.
यह भी स्पष्ट किया गया कि एसआइआर के नाम पर कोई नया प्रमाण-पत्र जारी नहीं किया जाता है. नये और युवा पात्र नागरिकों द्वारा भरे गये फॉर्म-6 के डिजिटलीकरण में तेजी लाने के साथ डेटा की शुद्धता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया.
