गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla News: झारखंड के गुमला स्थित बाल संप्रेषण गृह (रिमांड होम) से शुक्रवार की सुबह तीन बालबंदी फरार हो गए. इनमें दो बालबंदी दुष्कर्म मामले में बंद थे, जबकि एक चोरीकांड के आरोप में रिमांड होम में रखा गया था. घटना के बाद पुलिस और रिमांड होम प्रशासन में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने फरार बालबंदियों की तलाश तेज कर दी है.
सुबह 6.18 बजे हुई फरारी की घटना
जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 6.18 बजे की है. बताया जा रहा है कि उस समय रिमांड होम में तैनात दो सुरक्षा कर्मी बाथरूम गए हुए थे. इसी दौरान तीनों बालबंदियों ने मौके का फायदा उठाया और महज पांच मिनट के भीतर दीवार फांदकर फरार हो गए. फरार होने वाले दो बालबंदी लोहरदगा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और उन पर दुष्कर्म का आरोप है. वहीं तीसरा बालबंदी गुमला जिले का है, जो चोरीकांड में बंद था.
जर्जर लोहे की छड़ बनी फरारी का सहारा
बताया जा रहा है कि रिमांड होम परिसर के अंदर शौचालय के पास पानी की टंकी के निकट एक जर्जर पिलर में लोहे की छड़ निकली हुई थी. तीनों बालबंदियों ने उसी छड़ का सहारा लिया और दीवार पर चढ़ गए. इसके बाद वे पीछे की ओर से कूदकर भाग निकले. रिमांड होम का पिछला हिस्सा पहाड़ी और सुनसान क्षेत्र में स्थित है. सिलम पहाड़ की ओर घने और एकांत इलाके का फायदा उठाकर तीनों बालबंदी आसानी से वहां से फरार हो गए. आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी.
नाश्ते के समय हुआ खुलासा
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह बालबंदियों को नाश्ता देने से पहले उनकी गिनती की गई. मिलान के दौरान तीन बालबंदी गायब मिले. इसके बाद रिमांड होम प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. जानकारी के अनुसार, चोरीकांड में बंद बालबंदी पिछले करीब दस महीनों से रिमांड होम में रह रहा था. इससे पहले भी वह चोरी के मामलों में कई महीनों तक बाल संप्रेषण गृह में रह चुका है.
इसे भी पढ़ें: 68 साल के बुजुर्ग पर 4 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप, पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार
पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद गुमला पुलिस सक्रिय हो गई है. फरार बालबंदियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस पहाड़ी इलाकों और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. बाल संप्रेषण गृह के अधीक्षक अविनाश गिरी ने बताया कि मामले को लेकर गुमला थाना में लिखित आवेदन दिया गया है. साथ ही वरीय अधिकारियों को भी पूरी घटना की जानकारी दे दी गई है. पुलिस जल्द ही तीनों बालबंदियों को पकड़ने का दावा कर रही है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 20 जून से शुरू होगा SIR, चुनाव आयोग ने जारी किया कार्यक्रम
