चेंबर ने सांसद सुखदेव भगत को सौंपा 10 सूत्री मांग पत्र

मेडिकल कॉलेज, ब्लड बैंक, कानून व्यवस्था और बाइपास सड़क समेत अन्य जनसमस्याओं के समाधान की उठी मांग

गुमला. गुमला जिले के विकास, व्यापारिक समस्याओं व जनसुविधाओं को लेकर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने सांसद सुखदेव भगत के समक्ष अपनी आवाज बुलंद की. शहर के लोहरदगा रोड स्थित होटल जयपुर के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सांसद का स्वागत किया गया और जिले की समस्याओं से जुड़ा 10 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया. कार्यक्रम की शुरुआत चेंबर अध्यक्ष राजेश लोहानी द्वारा सांसद को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुई. वहीं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने सांसद को स्मृति चिह्न प्रदान किया. कार्यक्रम के अंत में निवर्तमान अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन दिया. बैठक के दौरान चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों व सदस्यों ने जिले के बुनियादी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को गंभीरता से उठाया. मांग पत्र में गुमला में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, सदर अस्पताल के फेज-2 निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने, बंद पड़े ब्लड बैंक को पुनः चालू कराने तथा जिले में गिरती कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रहीं. इसके अलावा बाइपास सड़क की जर्जर स्थिति में सुधार, रेलवे लाइन परियोजना में तेजी लाने, निजी स्कूलों की मनमानी फीस पर नियंत्रण लगाने और धार्मिक स्थल आंजन धाम में पुल निर्माण कराने जैसे मुद्दों पर भी सांसद से पहल करने की अपील की गयी. बैठक में व्यापार और रोजगार को बढ़ावा देने से जुड़े विषय भी प्रमुखता से उठाये गये. चेंबर सदस्यों ने उम्मीद जतायी कि सांसद सुखदेव भगत जनहित और विकास से जुड़े इन मुद्दों को संसद और संबंधित विभागों तक मजबूती से उठायेंगे, ताकि जिले की लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान हो सके. मौके पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी, पूर्व अध्यक्ष पदम साबू, दिनेश अग्रवाल, अनमोल गुप्ता, दामोदर कसेरा, उपाध्यक्ष बबलू वर्मा, अभिजीत जायसवाल, सह सचिव राहुल केसरी, पीआरओ प्रतिक अग्रवाल, रितेश गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य गुरमीत सिंह, विकास सिंह, पंकज खंडेलवाल, आदित्य गुप्ता, संजीव मालानी, अनिकेत कुमार समेत कई सदस्य उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >