गुमला. गुमला थाना क्षेत्र के करमडीपा निवासी लुकस इंदवार ने अपने सगे पुत्र ज्ञान इंदवार पर नशे की हालत में आए दिन मारपीट करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. मंगलवार को उन्होंने गुमला थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की.
जान से मारने की नीयत से हमला
आवेदन के अनुसार, ज्ञान पिछले कई महीनों से नशे का सेवन कर रहा है. आरोप है कि नशे की हालत में वह अक्सर अपने पिता और मां के साथ मारपीट करता है. मंगलवार को भी उसने जान से मारने की नीयत से हमला करने का प्रयास किया. इससे बचने के लिए लुकस इंदवार ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया.
ये भी पढ़ें: Gumla: मुरकुंडा में महिला पर पेट्रोल छिड़ककर जलाने की कोशिश, आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज
पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार
इधर, उनकी पत्नी किसी तरह घर से निकलकर बगल के घर पहुंचीं और वहीं से पुलिस को सूचना दी. पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया. लुकस इंदवार ने आशंका जतायी है कि ज्ञान दोबारा घर आकर उनके, उनकी पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट कर सकता है. उन्होंने परिवार की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने और पुत्र के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है.
ये भी पढ़ें: Gumla: भरनो के अमलिया और डहुटोली में हाथी ने मचाया उत्पात, फसलों को रौंदा
