गुमला: एसआइआर- 2026 अभियान के तहत गुमला जिले ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व ही जिले के तीनों विधानसभा 67- सिसई, 68- गुमला व 69- बिशुनपुर में गणना प्रपत्रों की प्रक्रिया का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित कर लिया है.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलेश्वर महतो के नेतृत्व तथा सतत मॉनिटरिंग के फलस्वरूप जिले के सभी 995 मतदान केंद्रों में वितरित कुल 8,07,572 गणना प्रपत्रों की प्रक्रिया शत-प्रतिशत पूर्ण कर ली गयी है. इसमें 7,00,800 गणना प्रपत्र (86.77 प्रतिशत) का सफलतापूर्वक डिजिटलीकरण किया गया है, जबकि शेष 1,06,818 गणना प्रपत्र (13.23 प्रतिशत) को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सत्यापित कर नियमानुसार असंग्रहित श्रेणी में शामिल करते हुए प्रक्रिया पूरी की गयी है.
विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति की समीक्षा में 67- सिसई विधानसभा क्षेत्र में वितरित 2,67,358 गणना प्रपत्रों में से 2,35,824 प्रपत्रों (88.20 प्रतिशत) का डिजिटलीकरण तथा 31,537 प्रपत्रों (11.80 प्रतिशत) का सत्यापन कर कुल 100 प्रतिशत प्रक्रिया पूरी की गयी. इस प्रकार 68-गुमला विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,52,221 प्रपत्रों में से 2,14,887 (85.20 प्रतिशत) प्रपत्र डिजिटाइज किया गया तथा 37,335 (14.80 प्रतिशत) प्रपत्र सत्यापित कर प्रक्रिया पूरी की गयी. 69- बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्र में वितरित 2,87,993 प्रपत्रों में से 2,50,089 (86.83 प्रतिशत) प्रपत्रों का डिजिटलीकरण व 37,946 (13.17 प्रतिशत) प्रपत्रों का सत्यापन करते हुए 100 प्रतिशत कार्य पूरा किया गया.
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने बताया कि एसआइआर-2026 के अगले चरण के अंतर्गत पांच अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा. इसके बाद पांच अगस्त से चार सितंबर 2026 तक दावे व आपत्तियां प्राप्त की जायेगी, जिनका नियमानुसार तीन अक्तूबर 2026 तक निस्तारण किया जायेगा. सभी निर्धारित प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद सात अक्तूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा.
