सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : डीसी

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

गुमला. उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई. बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने व यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया. साथ ही हाइवे पर मौजूद सभी अनधिकृत कट्स को बंद करने का निर्देश दिया गया. जनता की शिकायतों पर सर्विस रोड व मुख्य सड़क के बीच के कट्स का कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया. टोल प्लाजा के समीप ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने का प्रस्ताव शीघ्र एनएचएआइ के क्षेत्रीय कार्यालय (आरओ) को भेजने का निर्देश दिया गया. साथ ही हर समय एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. यातायात नियम व स्कूली वाहनों पर सख्ती के मद्देनजर परिवहन विभाग व पुलिस आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलायेंगे, जिसका पूरा डेटा मेंटेन किया जायेगा और जिले के ब्लैक स्पॉट की नयी सूची तैयार की जायेगी. साथ ही हेलमेट जांच अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जायेगा. अधिक से अधिक लोगों को हेलमेट पहनाने के इरादे से जिले में हेलमेट बैंक को चालू करने के लिए दिशा-निर्देश दिया गया. क्षमता से अधिक बच्चों को ढोने वाली स्कूली बसों व टेंपो पर जांच कर कार्रवाई की जायेगी. व्यावसायिक और पुराने वाहनों का फिटनेस टेस्ट अनिवार्य किया गया है. वाहनों में अवैध लाइट, साइलेंसर, बंपर गार्ड या किसी भी प्रकार के मॉडिफिकेशन पर शिकंजा कसा जायेगा. उपायुक्त ने बारिश शुरू होने से पहले सभी मुख्य मार्गों के गड्ढे भरने और सड़क किनारे अनिवार्य रूप से साइन बोर्ड लगाने का निर्देश दिये. जिले के सभी मार्गों पर रंबल या रबर स्ट्रिप लगाने का कार्य पूरा किया जाना है. उपायुक्त ने सिसई-कामडारा-बसिया व नेतरहाट रोड में देवीगुडी मोड़ के समीप व नेतरहाट रोड पर झाड़ियों की सफाई व गार्डवाल का काम सुनिश्चित करने को कहा. गुमला-रायडीह रोड में हाई मास्क लाइट लगाने तथा गड्ढों की मरम्मत का निर्देश दिया. केओ कॉलेज और उर्मी गोल चक्कर के टी-जंक्शन पर रेडियम स्टीकर लगाने व उर्मी बाइपास के कट्स को काम शुरू होने से पहले बंद करने का निर्देश दिया गया. सिसई-बसिया रोड स्थित तालाब पर क्रैश बैरियर के साथ साइन बोर्ड अधिष्ठापन करने का निर्देश दिया गया. उर्मी चौक पर स्थित गोलंबर में सड़क दुर्घटना के दृष्टिकोण से रेडियम स्टिकर/रेडियम पेंट कराने व अधिष्ठापित हाई मास्क लाइट मरम्मत करने का निर्देश दिया गया तथा दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर में घायलों को मदद पहुंचाने वाले मददगारों को दो हजार रुपये इनाम दिया जायेगा. उपायुक्त ने चेतावनी दी कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के साथ-साथ लापरवाह विभागों व संवेदकों (ठेकेदारों) के खिलाफ भी दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी. उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >