घाघरा. गुमला के घाघरा थाना स्थित सरांगो नवाटोली गांव में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 16 वर्षीय नाबालिग युवती प्रियंका कुमारी ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. जानकारी के अनुसार, प्रियंका कुमारी सरांगो नवाटोली निवासी 16 वर्षीय नाबालिग आर्यन तुरी के साथ पिछले लगभग पांच महीनों से लिव-इन में रह रही थी.
जंगल से लौटने के बाद मानसिक संतुलन बिगड़ा
परिजनों के अनुसार, बीते सोमवार को प्रियंका दो अन्य युवतियों के साथ जंगल घूमने गयी थी, जहां से लौटने के बाद उसका मानसिक संतुलन हल्का बिगड़ा हुआ नजर आ रहा था. जंगल से सीधे घर आने के बजाय उसने घने जंगल की ओर भागना शुरू कर दिया था, जिसके बाद साथ गयी दोनों युवतियां उसे पकड़कर घर लायी, लेकिन घर पर भी वह असामान्य गतिविधियां कर रही थी.
सुबह आंख खुली तो फंदे से झूलता मिला शव
इसके बाद बीते बुधवार की रात सभी खाना खाकर सो गये थे और गुरुवार सुबह करीब चार बजे जब आर्यन तुरी की आंख खुली, तो उसने प्रियंका को फांसी के फंदे पर झूलता हुआ पाया. आनन-फानन में इसकी सूचना प्रियंका के परिजनों और घाघरा थाना पुलिस को दी गयी. घटना की खबर मिलते ही घाघरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया. इस संबंध में थानेदार मोहन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है और प्रथम दृष्टया यह मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, जिसकी आगे की गहनता से जांच की जा रही है.
