पालकोट. पालकोट प्रखंड की जर्जर और लचर बिजली व्यवस्था से तंग आकर मंगलवार को स्थानीय लोगों ने गांधी नगर बस्ती स्थित विद्युत पावर सब-स्टेशन का घेराव किया. उनका कहना है कि पालकोट प्रखंड में इन दिनों बिजली की स्थिति आया राम, गया राम जैसी हो गयी है और यहां की विद्युत आपूर्ति महज दिखावा बन कर रह गयी है. आलम यह है कि पड़ोसी बसिया प्रखंड में आंधी-तूफान आता है, तो पालकोट प्रखंड की बत्ती गुल हो जाती है. इस अव्यवस्था के खिलाफ युवाओं व व्यापारियों में आक्रोश देखा जा रहा है. मामले को लेकर युवा व्यवसायी मुकेश टाइगर ने कहा कि पालकोट में बिजली व्यवस्था बेहद लचर है और ऐन वक्त पर बिजली गुल होने से परेशानी झेलनी पड़ती है. युवा व्यापारी बिराज नायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बिजली विभाग द्वारा आये दिन शटडाउन ले लिया जाता है. वर्तमान में भीषण गर्मी का मौसम है और घरों में शादी-विवाह व अन्य मांगलिक कार्यक्रम चल रहे हैं. ऐसे में ऐन मौके पर बिजली गायब होने से रंग में भंग पड़ जाता है. पूर्व सांसद प्रतिनिधि सूरज देव सिंह ने भी विभाग को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बिजली विभाग तुरंत अपनी व्यवस्था में सुधार करे, क्योंकि एक तरफ आपूर्ति ठप है और दूसरी तरफ बिजली बिल इतना अधिक आ रहा है, जिसे चुकाना आम आदमी के लिए असंभव है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली आपूर्ति में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो पालकोट में उग्र आंदोलन शुरू होगा, जिसकी पूरी जवाबदेही बिजली विभाग की होगी.
बिजली आपूर्ति से परेशान लोगों ने पावर सब स्टेशन को घेरा
बिजली आपूर्ति से परेशान लोगों ने पावर सब स्टेशन को घेरा
