गुमला. कांग्रेस द्वारा सांसद सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ राज्य का प्रभारी बनाये जाने पर नगर परिषद गुमला के उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान चीनी ने सांसद को पुष्पगुच्छ भेंट कर नयी संगठनात्मक जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.
मुलाकात के दौरान नगर परिषद उपाध्यक्ष ने गुमला शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सांसद का ध्यान आकृष्ट कराया. उन्होंने शहर की लचर ड्रेनेज व्यवस्था, जलजमाव, साफ-सफाई की समस्या तथा नागरिक सुविधाओं की कमी समेत अन्य समस्याओं को प्रमुखता से रखा. उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के कारण शहरवासियों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है. समस्याओं के स्थायी और त्वरित समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी पहल की आवश्यकता है.
इस पर सांसद सुखदेव भगत ने समस्याओं के निराकरण को लेकर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली नयी जिम्मेदारी के साथ गुमला की जनता और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकताओं में हमेशा रहेगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक पहल की जायेगी.
