Gumla: गुमला जिला के भरनो प्रखंड के कुम्हरों गांव में एक मां ने अपनी साहस का परिचय देते हुए एक जंगली हाथी से अपनी दो बेटियों की जान बचायी. यह घटना गत सोमवार रात की है. रात में अचानक से एक जंगली हाथी कुम्हरो गांव में घुस गया. गांव घुसते ही नहर के समीप स्थित शंकर उरांव के घर पर हाथी ने धावा बोल दिया. हाथी ने शंकर के घर की दीवार को ढहा दिया. उस समय में शंकर की पत्नी मंगरीता देवी, बेटी अनुष्का कुमारी (7 साल) और एक ढाई साल की बेटी उसी कमरे में सोई हुई थीं.
हाथी ने गिराई दीवार, दबी बच्चियां
हाथी द्वारा दीवार ढहाये जाने से शंकर की दोनों बेटियां दीवार के मलबे में दब गयी और रोने लगी. दीवार गिरने से अनुष्का को काफी चोट लगी थी. अचानक से दीवार गिरने से उसकी मां मंगरीता भी घबरा गयी. वहीं दीवार गिरने के बाद हाथी टूटी दीवार के सामने ही खड़ा था. हाथी को देखकर मंगरीता और भी ज्यादा घबरा गयी. मंगरीता ने साहस दिखाते हुए दीवार के मलबे को अपनी बेटियों के ऊपर हटायी और दोनों को लेकर दूसरे कमरे में चली गयी. इस दौरान हाथी लगभग एक घंटे तक वहीं जमा रहा.
घर में रखे 10 क्विंटल धान खा गए हाथी
उसके बाद हाथी घर के अंदर जाकर घर में रखे लगभग 10 क्विंटल धान को खा गया. वहीं मंगरीता ने दूसरे कमरे से अपने परिजनों को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही वे लोग गांव के लोगों के साथ मशाल जलाकर मंगरीता के घर पहुंचे. तब तक हाथी वहां से निकल गया और सुकुरहुटु गांव पहुंचा. जहां हाथी ने झिरिया उरांव के तीन तरफ की दीवारों को तोड़कर घर को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया. ग्रामीणों ने हाथी को गांव से खदेड़ा तो हाथी सुपा पंचायत के चिरैयाटोंगरी पहुंच गया. खबर लिखे जाने तक हाथी चिरैयाटोंगरी में एक आम बगीचा में अपना डेरा जमाये हुए था. गांव में हाथी के आ धमकने से क्षेत्र के लोगों में दहशत है. प्रभावित परिवारों ने वन विभाग से मुआवजा की मांग की है.
वनपाल ने बच्ची के इलाज हेतु दिये 10 हजार
कुम्हरो नहर के समीप हाथी द्वारा एक घर को ढहाये जाने और एक बच्ची के घायल होने की सूचना पर वनपाल शेखर सिंह मंगलवार को कुम्हरों गांव पहुंचे. जहां वनपाल ने प्रभावित परिवार से मुलाकात की और बच्ची अनुष्का कुमारी के इलाज के लिए उसकी मां मंगरीता देवी को 10 हजार मुआवजा राशि प्रदान किया. वनपाल ने बताया कि शेष मुआवजा राशि कागजी प्रक्रिया के बाद दी जायेगी. वहीं वनपाल द्वारा ग्रामीणों के बीच टॉर्च लाईट का भी वितरण किया गया. वनपाल ने कहा कि विभाग हाथी को भगाने के लिए प्रयास कर रही है.
ये भी पढ़ें…
रांची में बड़ा सड़क हादसा: बेकाबू बस से कुचलकर दो की मौत, आक्रोशित लोगों ने सड़क किया जाम
गाड़ीगांव के नाले से मिला मांस का टुकड़ा, जांच में जुटी पुलिस
