पर्यटन, खेल व शिक्षा क्षेत्र में अपार संभावनाएं : डीसी

पारंपरिक वेशभूषा व लोकधुनों पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया भावविभोर

गुमला. गुमला जिले का स्थापना दिवस सांस्कृतिक उल्लास व गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया गया. नगर भवन गुमला में आयोजित मुख्य समारोह ने जिले की सांस्कृतिक पहचान, विकास यात्रा व सामाजिक एकता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया. कार्यक्रम में झारखंड की समृद्ध परंपरा, आदिवासी संस्कृति व गुमला की ऐतिहासिक विरासत का सुंदर समागम देखने को मिला. मुख्य अतिथि उपायुक्त दिलेश्वर महतो थे. स्थापना दिवस समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. बच्चों ने कविता, गीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से झारखंड व गुमला के इतिहास, संस्कृति व सामाजिक मूल्यों को जीवंत रूप में मंचित किया. पारंपरिक वेशभूषा व लोकधुनों पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया. उपायुक्त ने कहा कि गुमला प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक समृद्धि और प्रतिभाओं की भूमि है. शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत, महिला सशक्तिकरण व खेल के क्षेत्र में जिले ने उल्लेखनीय प्रगति की है. कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही हैं और समाज को नयी दिशा दे रही हैं. उन्होंने युवाओं व आमजनों से जिले के विकास में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यटन, खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में गुमला में अपार संभावनाएं हैं. मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों व सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को सम्मानित किया गया. सोशल मीडिया एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अंकित साहू, मो दिलशाद, पूजा कुमारी, जॉय उरांव, अभिषेक कुमार, लक्ष्मी साहू व रितिक गुप्ता को सम्मानित किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >