लापता युवक का शव कुएं से बरामद

लापता युवक का शव कुएं से बरामद

गुमला. शहर के विंध्याचल नगर में शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गयी. जब सड़क किनारे स्थित एक पुराने कुएं में युवक का शव मिला. मृतक की पहचान लक्ष्मण नगर निवासी 33 वर्षीय भारत सिंह (पिता- जगन्नाथ सिंह) के रूप में हुई है. युवक गुरुवार की सुबह से लापता था और परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे थे. जानकारी के अनुसार भारत सिंह गुरुवार तड़के करीब पांच बजे घर से बिना कुछ बताये निकल गया था. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की. लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. बाद में गुमला थाना में उसके लापता होने की सूचना दर्ज करायी गयी थी. शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे स्थानीय लोगों की नजर विंध्याचल नगर स्थित एक कुएं पर पड़ी, जहां पानी में शव दिखायी दिया. सूचना मिलते एसआइ बबीता कुमारी ने दलबल के साथ स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया. स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कुआं लंबे समय से अनुपयोगी और खतरनाक स्थिति में पड़ा है. कुएं का पूर्वी हिस्सा पूरी तरह टूट चुका है और मुंडेर जमीन के बराबर हो गयी है. लोगों का कहना है कि पहले भी कई मवेशी इस कुएं में गिर चुके हैं. सड़क किनारे खुले पड़े इस कुएं को लेकर कई बार सुरक्षा की मांग उठ चुकी है. लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई. लोगों ने कुएं को जाली से ढंकने और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है. परिजनों के मुताबिक भारत सिंह अविवाहित था और मुंशी का काम करता था. बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था और उसका इलाज भी चल रहा था. मृतक की बहन उषा देवी ने बताया कि बुधवार रात वह बाइक से डीएसपी रोड स्थित घर से लक्ष्मण नगर आया था. बाइक घर पर छोड़ने के बाद वह पैदल कहीं निकल गया और फिर वापस नहीं लौटा. प्राथमिक जांच में आत्महत्या की आशंका जतायी जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >