गुमलाः जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के नवाडीह चौक पर शनिवार को पुराने लेन-देन के विवाद में तलवार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. घटना में नवाडीह चौक निवासी शमीम अंसारी के सिर के पीछे गंभीर चोट लगी है. परिजनों ने घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
डुमरी थाना में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
घटना के संबंध में घायल शमीम अंसारी के पुत्र जुनैद अंसारी ने डुमरी थाना में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में संजू कुजूर ने डुमरी थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया.
ये भी पढ़ें- मुर्गा लड़ाई के खिलाफ पुलिस की छापेमारी, हिरासत में तीन लोग
पुराने विवाद को लेकर पहले भी हो चुकी है मारपीट
पुलिस के समक्ष संजू कुजूर ने बताया कि शमीम अंसारी के साथ उसका पुराना लेन-देन को लेकर कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी है. उसके अनुसार 15 अगस्त को वह अपने बच्चे को स्कूल पहुंचाने गया था, जहां शमीम अंसारी भी मौजूद था. संजू ने आरोप लगाया कि शमीम ने उसकी बाइक की चाबी ले ली और उसके साथ हाथापाई की. इसके बाद वह बाइक को घसीटते हुए घर ले गया.
बाद में उसकी पत्नी फूलमती कुजूर बाइक की चाबी मांगने के लिए शमीम अंसारी की दुकान पर गयी, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी. संजू के अनुसार इसी दौरान गुस्से में आकर उसने शमीम अंसारी पर हमला कर दिया. डुमरी थाना प्रभारी शशि प्रकाश ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी संजू कुजूर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
