गुमलाः ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को गुमला शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया. अंजुमन इस्लामिया गुमला और उलेमा-ए-कराम की अगुवाई में निकले जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए. जुलूस में बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. बच्चे धार्मिक झंडे और बैनर लेकर जुलूस में शामिल हुए.
मोती मस्जिद से शुरू हुआ जुलूस
जुलूस सुबह करीब नौ बजे बाजारटांड़ स्थित मोती मस्जिद से शुरू हुआ. यहां से इस्लामपुर चौक, बाबर गली, थाना रोड और टावर चौक होते हुए सिसई रोड स्थित संत इग्नासियुस हाई स्कूल पहुंचा. इसके बाद जुलूस टावर चौक, मेन रोड और थाना चौक होते हुए जामा मस्जिद के समीप पहुंचा, जहां दुआ सलाम के साथ जुलूस का समापन हुआ.
ये भी पढ़ें- झारखंड के 35 हजार स्कूलों में कल से शुरू होगा राष्ट्रीय खेल दिवस आयोजन
जगह-जगह तैनात रहा पुलिस बल
जुलूस को लेकर शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गए थी. पुलिस पदाधिकारी जुलूस के साथ चलते हुए स्थिति पर नजर रख रहे थे. यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किये गए थे.
पानी और एंबुलेंस की रही व्यवस्था
अंजुमन इस्लामिया के सदर मोशाहिद आजमी और सचिव मो मकसूद ने कहा कि जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में सभी लोगों का सहयोग रहा. जुलूस के दौरान पानी के टैंकर और प्राथमिक उपचार के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई थी.
ये भी पढ़ें- गुमला के 5 गांवों में 15 दिनों से बिजली गुल, 400 की आबादी परेशान
भाईचारे और शांति का दिया संदेश
जुलूस में शामिल लोगों ने आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द का संदेश दिया. बच्चों की बड़ी संख्या में भागीदारी भी आकर्षण का केंद्र रही. शहरवासियों ने जुलूस के दौरान शांति और सद्भाव बनाये रखने में सहयोग किया.
